कल बरेली आएंगे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ
बरेली। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को बरेली जनपद दौरे पर आ रहे हैं। कोविड-19 संक्रमण से बचाव के लिए जनपद में तगड़े इंतजाम करने के बावजूद संक्रमण फैलने के पीछे क्या प्रमुख कारण हैं, मुख्यमंत्री इसकी समीक्षा करेंगे। गुरुवार रात मुख्यमंत्री का 7 अगस्त का कार्यक्रम कन्फर्म होने के बाद अफसरों में खलबली मच गई। डीएम, …
बरेली। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को बरेली जनपद दौरे पर आ रहे हैं। कोविड-19 संक्रमण से बचाव के लिए जनपद में तगड़े इंतजाम करने के बावजूद संक्रमण फैलने के पीछे क्या प्रमुख कारण हैं, मुख्यमंत्री इसकी समीक्षा करेंगे। गुरुवार रात मुख्यमंत्री का 7 अगस्त का कार्यक्रम कन्फर्म होने के बाद अफसरों में खलबली मच गई। डीएम, सीडीओ, सीएमओ समेत अन्य अधिकारी कोविड-19 से संबंधित अव्यवस्थाओं को दुरुस्त करने में जुट गए।
जिलाधिकारी के अनुसार सीएम का हेलीकाप्टर करीब 2 बजे त्रिशूल एयरपोर्ट पर लैंड करेगा। वहां से सीएम काफिले के साथ कार द्वारा कमिश्नरी पहुंचेंगे। कमिश्नरी सभागार में समीक्षा बैठक रखी गई है। 4:30 बजे तक बैठक चलने की बात कही गई है। इसके बाद सीएम कार से त्रिशूल एयरपोर्ट पहुंचेंगे और हेलीकाप्टर से लखनऊ के लिए प्रस्थान करेंगे। देर रात तक सीएम का मिनट टू मिनट कार्यक्रम जारी नहीं हुआ था। हालांकि चर्चा यह भी रही कि सीएम विकास भवन के सभागार में भी बैठक कर सकते हैं।
डीएम ने कलेक्ट्रेट में कोविड हेल्प डेस्क व कंट्रोल रूम की व्यवस्था कराईं दुरुस्त
बरेली: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बरेली आगमन के प्रस्तावित कार्यक्रम की सूचना गुरुवार की रात कन्फर्म होने पर जनपद स्तरीय प्रशासनिक अफसरों में खलबली मच गई। जिलाधिकारी नितीश कुमार सीडीओ चंद्रमोहन गर्ग समेत अन्य अफसरों के साथ कलेक्ट्रेट पहुंचे और कोविड-19 हेल्प डेस्क की व्यवस्थाओं को दुरुस्त कराया। कोविड कंट्रोल रूम में जो कमियां थीं, उन्हें ठीक कराया। इसके साथ कलेक्ट्रेट परिसर में जहां-जहां रेता-बजरी पड़ी थी। आनन-फानन में कर्मचारी लगाकर परिसर को एकदम साफ कराया। देर रात कलेक्ट्रेट के अनुभागों के सभी कक्षों को खुलवाकर सफाई कराई गई। कलेक्ट्रेट में अव्यवस्थित रूप से जहां-तहां रखे गमले भी ठीक से रखवाए गए। डीएम ने अफसरों को कलेक्ट्रेट परिसर में और गमले रखवाने के भी निर्देश दिए।

वीवीआईपी चिकित्सा सुविधाएं सुबह तक उपलब्ध करा दें
नगर मजिस्ट्रेट/प्रभारी अधिकारी वीवीआईपी मदन कुमार ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को पत्र भेजकर बताया कि 7 जुलाई को मुख्यमंत्री जनपद के भ्रमण को आ रहे हैं। मुख्यमंत्री के वीवीआईपी कार्यक्रम के लिए एक एंबुलेंस मय विशेषज्ञ चिकित्सकों, जीवन रक्षक औषधियां, आवश्यक उपकरणों एवं मुख्यमंत्री के ब्लड ग्रुप ‘एबी’ पॉजिटिव सहित शुक्रवार सुबह 7 बजे तक प्रतिसार निरीक्षक पुलिस लाइन बरेली को उपलब्ध करा दें। समुचित चिकित्सीय व्यवस्थाएं मानक के अनुरुप ही कराएं। इसके साथ मुख्यमंत्री को दिए जाने वाले खाद्य एवं पेय पदार्थों के परीक्षण/जांच के लिए भी विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम गठित करने की कृपा करें।
कार से 12:40 बजे वित्तमंत्री सुरेश खन्ना सर्किट हाउस पहुंचेंगे
नगर मजिस्ट्रेट/प्रभारी अधिकारी वीवीआईपी मदन कुमार की ओर से गुरुवार रात जारी कार्यक्रम में बताया गया है कि सुरेश कुमार खन्ना वित्तमंत्री, संसदीय कार्य, चिकित्सा शिक्षा विभाग, लखनऊ से कार द्वारा चलकर करीब 12:40 बजे सर्किट हाउस पहुंचेंगे। इसके बाद वह 2 बजे मुख्यमंत्री के साथ बरेली के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक में शामिल होंगे।
