बहराइच : जेल से छूटा युवक पहुंच गया अस्पताल, हालत गंभीर

मां ने मारपीट का लगाया आरोप, तीन दिन पूर्व शांतिभंग में जेल भेजा गया था युवक

बहराइच : जेल से छूटा युवक पहुंच गया अस्पताल, हालत गंभीर

अमृत विचार,बहराइच। जिले के परसेंडी गांव निवासी युवक को फखरपुर पुलिस ने तीन दिन पूर्व शांतिभंग की कार्यवाई करते हुए जेल भेज दिया था। शुक्रवार को युवक को जमानत मिली, लेकिन उसकी हालत काफी गंभीर थी। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। शरीर पर चोटों के निशान हैं। मां ने मारपीट का आरोप लगाया है। समाचार लिखे जाने तक युवक को होश नहीं आ सका है।

फखरपुर थाना क्षेत्र के ग्राम परसेंडी निवासी विजय कुमार (32) विश्वनाथ सिंह को 17 जनवरी को फखरपुर पुलिस ने शांतिभंग की कार्यवाई करते हुए जेल भेज दिया था। आरोप है कि विजय का अपने चचेरे भाई भरत सिंह उर्फ गुड्डू से विवाद हुआ था। भरत की शिकायत पर पुलिस ने शांतिभंग की कार्यवाई की थी। विजय कुमार की मां गीता सिंह ने बताया कि शुक्रवार को बेटे को जमानत मिली।

मां और बड़ा भाई विजय को लेने जेल में गया। मां का कहना है कि जेल के कर्मियों ने विजय की हालत गंभीर होने की सूचना दी। सभी जेल से कुछ दूरी पर गए तो विजय घायल अवस्था में मिला। उसे जिला अस्पताल पहुंचा कर भर्ती कराया गया। युवक सिर और कान के पास गहरे जख्म हैं। चोट अधिक लगने के चलते उसे होश नहीं आ सका है। विजय की मां जेल में मारपीट का आरोप लगाया है।

इस  मामले में जेलर आनंद कुमार शुक्ला से बात की तो उन्होंने बताया कि विजय को उसके भाई के सुपुर्द वार्डर ने कर दिया था। जेल से बाहर जाते समय उसकी हालत ठीक थी। उसकी मानसिक स्वास्थ्य ठीक न होने की बात परिवार के लोग बता रहे हैं। सभी आरोप बेबुनियाद है।

यह भी पढ़ें : अयोध्या : ससुराल पत्नी से मिलने गये युवक का रेता गला