हरदोई: न्यायपालिका ने बनाई विधायिका से दूरियां, मंत्री-सांसद संग नहीं साझा किया मंच
हरदोई, अमृत विचार। बार एसोसिएशन की नई कैबिनेट की ताजपोशी में न्यायपालिका ने एक बार फिर साबित कर दिया कि नेताओं से या विधायिका से उनका कोई सरोकार नहीं है । हुआ यह कि बार एसोसिएशन की नई कैबिनेट की ताजपोशी में प्रदेश शासन के मंत्री नितिन अग्रवाल, सांसद जयप्रकाश रावत, विधायक माधवेंद्र प्रताप सिंह रानू, भाजपा जिला अध्यक्ष सौरभ मिश्रा के अलावा बड़ी संख्या में भाजपा जिला कार्यकारिणी पदाधिकारियों व अन्य नेताओं को आमंत्रित किया गया।
दोपहर करीब दो बजे से शुरू हुए कार्यक्रम के दौरान मंत्री सांसद व विधायक आदि ने अपने विचार रखे । यह बात जब जस्टिस व न्यायपालिका को पता चली तो स्पष्ट रूप से यह संदेश भेजा गया कि इस प्रकार के किसी भी राजनीतिक मंच को न्यायपालिका के लोगों संग साझा नहीं किया जाएगा। फिर क्या था मौजूदा पदाधिकारियों से लेकर पूर्व पदाधिकारियों ने नेताओं के मान- मनौअल की और उन्हें परिसर से विदा किया।
उधर जब जस्टिस व न्यायपालिका पूर्ण रूप से आश्वस्त हो गई की समारोह से नेतागण कूच कर गए हैं ,तो उन्होंने परिसर की ओर काफी देर बाद रुख किया और समारोह में शिरकत की। हालांकि इस बात की भूमिका जरूर बनाई गई की ऐसा हालातों के कारण हुआ लेकिन पूरी कचहरी में चर्चा का विषय रहा कि एक बार फिर न्यायपालिका ने साबित कर दिया कि राजनीतिक लोगों के साथ शिरकत नहीं करेंगे और उन्होंने ऐसा करके भी दिखाया।
ये भी पढ़ें - मौनी अमावस्या: पौराणिक घाट पर श्रद्धालुओं ने गंगा में लगाई आस्था की डुबकी
