हाईस्कूल और इंटर की परीक्षा में इस बार शामिल होगे बुलंदशहर जनपद के 16,743 छात्र
बुलंदशहर। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की 15 फरवरी से प्रस्तावित इंटर और हाईस्कूल परीक्षा में इस बार जनपद के 108 स्कूलों के 16,743 परीक्षार्थी शामिल होंगे और इसके लिए जनपद में 26 परीक्षा केंद्र बनाये गये हैं । सीबीएसई परीक्षा के जिला कन्वीनर एवं डीपीएस स्कूल के प्रधानाचार्य डॉ एच एस वशिष्ठ ने आज बताया कि इस वर्ष की परीक्षा में 9157 परीक्षार्थी दसवीं की और 7586 परीक्षार्थी 12वीं की परीक्षा में शामिल होंगे परीक्षा कार्यक्रम जारी हो चुका है।
परीक्षा केंद्रों पर नकल विहीन परीक्षा कराने के लिए बोर्ड के निर्देशानुसार तैयारियां और व्यवस्थाएं कराई जा रही हैं। नकल रोकने के लिए जिला स्तर पर एक उड़नदस्ता भी कायम होगा ,जो परीक्षा केंद्रों पर अचानक छापेमारी कर नकलचियों को पकड़ेगा।
उन्होंने बताया कि बोर्ड की परीक्षाएं 15 फरवरी से शुरू होकर 05 अप्रैल तक चलेंगी। डॉ़ वशिष्ठ ने बताया कि परीक्षा के लिए जो गाइडलाइन बोर्ड ने जारी की है उनका कड़ाई से पालन होगा ।जिला स्तर पर परीक्षा पर्यवेक्षक की भी तैनाती बोर्ड द्वारा जल्दी की जाएगी। उन्होंने बताया कि सभी परीक्षा केंद्र सीसीटीवी कैमरा से युक्त होंगे ।
परीक्षार्थियों को बैठने के लिए बेहतर फर्नीचर मिले और परीक्षा केंद्र पर पेयजल रोशनी और शौचालय टॉयलेट की व्यवस्था करने के निर्देश केंद्र व्यवस्थापकों को दिए गए हैं।
ये भी पढ़ें : यात्रा से राहुल की छवि बदली, जनता को प्रभावित करने वाले मुद्दे चर्चा में आए: सुहास पलशीकर
