MLC Election : प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी ने कहा- बीजेपी के सामने ऐतिहासिक जीत से रिकॉर्ड बनाने की चुनौती
जिलेवार मतदाताओं की संख्या के अनुसार तय की जिम्मदारों, बोले जीत ऐतिहासिक होनी चाहिए
मुरादाबाद। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी ने कहा कि हमारे सामने चुनाव जीतने नहीं पहले से बेहतर करने की चुनौती है। देश की जनता का स्नेह भाजपा के साथ है। विधान परिषद के इस चुनाव में पांचों सीटें ऐतिहासिक वोटों से जीत दर्ज करनी है।
प्रदेश अध्यक्ष सोमवार को दिल्ली रोड स्थित एक होटल में बरेली मुरादाबाद खंड स्नातक क्षेत्र से विधान परिषद चुनाव को लेकर मंडल के कार्यकर्ताओं की बैठक में संवाद कर रहे थे। उन्होंने कहा कि आगामी लोकसभा चुनाव में भाजपा देश की 90 प्रतिशत सीटें जीतेगी। अब लोकतंत्र और सार्वजनिक जीवन में और बेहतर करना है। पिछले लोकसभा चुनाव में प्रदेश में 64 सीटें पार्टी ने जीती थी। संघीय ढांचे में चुनाव को उत्सव के रूप में लें। कोई वोट छोड़ना नहीं है।
उन्होंने हर जिले से आए पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं की उपस्थिति देखने के साथ ही न आने वालों पर नाराजगी जताई। कहा कि यह चुनाव ऐतिहासिक मतों से जीतकर दिखाना है। कार्यकर्ताओं से संवाद कर प्रदेश अध्यक्ष ने लिया तैयारियों का फीडबैक लिया। जिलेवार मतदाताओं की संख्या के अनुसार जिम्मदारी निभाने के लिए कहा, बोले जीत ऐतिहासिक होनी चाहिए। प्रदेश अध्यक्ष ने बिजनौर से कम उपस्थिति पर नाराजगी जाहिर की। कार्यकर्ताओं से मतदाताओं से संपर्क करने की जानकारी ली। कहा हर मतदाता तक पहुंचें। उन्होंने बूथवार कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी और उस अनुरूप हुए संपर्क का फीडबैक लिया।
इस सीट से प्रत्याशी डा. जयपाल सिंह व्यस्त आदि ने उनका स्वागत किया। चुनाव के संयोजक एमएलसी हरिसिंह ढिल्लो, प्रभारी आगरा के विधायक पुरूषोत्तम खंडेलवाल, मंत्री कपिलदेव अग्रवाल, राज्यमंत्री बलदेव सिंह औलख, रामपुर के सांसद घनश्याम लोधी, क्षेत्रीय अध्यक्ष हरिओम शर्मा, विधायक आकाश सक्सेना, विधान परिषद सदस्य गोपाल अंजान, मुरादाबाद की जिला पंचायत अध्यक्ष डा. शेफाली सिंह, निवर्तमान महापौर विनोद अग्रवाल, जिलाध्यक्ष मुरादाबाद राजपाल सिंह चौहान, महानगर अध्यक्ष धर्मेंद्र मिश्र के अलावा मंडल के बिजनौर, अमरोहा, संभल, रामपुर जिलों के भी पदाधिकारी, कार्यकर्ता और जन प्रतिनिधि आदि मौजूद रहे।
ये भी पढ़ें:- मुरादाबाद : अब नजदीकी विद्यालय में होंगी प्रायोगिक परीक्षा, 29 विद्यालयों में नहीं है सीसीटीवी कैमरे
