बरेली: दीक्षा एप से आंगनबाड़ी केंद्रों में सुधरेगी बच्चों की शिक्षा, हाईटेक होंगी कार्यकत्री
बरेली, अमृत विचार। महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से आंगनबाड़ी केंद्रों पर तैनात कार्यकत्रियों को हाईटेक बनाया जाएगा। उनको दीक्षा एप के जरिये केंद्रों पर आने वाले बच्चों के मानसिक और बौद्धिक विकास के लिए विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसको लेकर शिक्षा महानिदेशक ने आदेश जारी किया है। विभागीय अफसरों ने आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को प्रशिक्षण देने का प्लान तैयार कर लिया है।
ये भी पढे़ं- बरेली: सड़क सुरक्षा के प्रति छात्रों को किया गया जागरूक
डीडीओ एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी अरुण कुमार ने बताया कि नई शिक्षा नीति के तहत राज्य शिक्षा विभाग की ओर से प्राइमरी स्कूलों के साथ आंगनबाड़ी केंद्रों में पढ़ रहे नौनिहालों की शिक्षा भी ध्यान केंद्रित किया जा रहा है। जनपद में बाल विकास विभाग द्वारा संचालित 2857 आंगनबाड़ी केंद्रों की लगभग 2500 कार्यकत्रियों को दीक्षा एप चलाने का प्रशिक्षण दिया जाएगा। केंद्रों पर बच्चों को बेहतर शिक्षा दी जाएगी। वहीं, उनकी योग्यता भी परखी जाएगी। प्रश्नों के 70 फीसदी सही उत्तर देने वाली कार्यकत्री के उत्तीर्ण होने पर प्रमाणपत्र दिया जाएगा। फिलहाल, मास्टर ट्रेनरों के माध्यम से कार्यकत्रियों को प्रशिक्षण दिए जाने की कवायद शुरू हो गई है।
ये भी पढे़ं- बरेली: रोस्टर के अतिरिक्त भी नहरों के जरिये किसानों को मिलेगा पानी
