हरदोई में तीन मंजिला इमारत से फेंक कर युवक की हत्या करने का आरोप
चोर समझ कर पहले की गई पिटाई, फिर नीचे फेंका
हरदोई, अमृत विचार। कांशीराम कालोनी में युवक को चोर समझ कर पहले तो पीटा और उसके बाद उसे तीन मंज़िला इमारत से नीचे फेंक दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने तीन लोगों को हिरासत में लेते हुए सारे मामले की गहराई से छानबीन शुरू कर दी है।
बताया गया है कि लोनार थाने के सायपुर विधाय निवासी 30 वर्षीय आनन्द श्रीवास्तव पुत्र विजय कुमार श्रीवास्तव और उसका बड़े भाई अभिलाष श्रीवास्तव दिल्ली में किसी प्राइवेट कंपनी में नौकरी करता था। दोनों भाई कोतवाली देहात की कांशीराम कालोनी में ब्लाक नंबर 5/52 में रहते हैं। 26 जनवरी को अभिलाष की बारात होना तय थी। इसी वजह से दोनों भाई दिल्ली से आए हुए थे। मंगलवार को महिला संगीत का कार्यक्रम था। उसी बीच देर लगभग 12 बजे आनन्द के मोबाइल पर किसी का फोन आया, फोन आने पर आनन्द ब्लाक नंबर-17 की तरफ चला गया। उसके कुछ ही देर बाद ब्लाक नंबर -17 की तरफ से चोर-चोर का शोर मच गया।शोर सुन कर अभिलाष के अलावा तमाम लोग बाहर निकल कर दौड़ पड़े। ब्लाक नंबर-17 में देखा तो आनन्द नीचे सड़क पर पड़ा हुआ था। उसे आनन-फानन में मेडिकल कालेज ले जाया जा रहा था,उसी बीच उसने दम तोड़ दिया।
अभिलाष का कहना है कि उसके भाई को पकड़ कर तीन मंज़िला इमारत से नीचे फेंक कर उसकी हत्या की गई। पुलिस ने मामले में फौरी कार्रवाई करते हुए तीन लोगों को हिरासत में ले कर उनसे पूछताछ शुरू कर दी है। देर रात हुई इस तरह की वारदात से समूची कांशीराम कालोनी में दहशत का माहौल है।
ये भी पढ़ें -रायबरेली: एसपी ने तीन निरीक्षक बदले, शरद को गदागंज और शिवा शुक्ला को डायल 112 का चार्ज
