बरेली: जो सरकार के निर्देशों का पालन करेंगे, वही सुरक्षित रहेंगे

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। जनपद में फैल रहे कोरोना संक्रमण को लेकर वित्तमंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने साफ शब्दों में कहा कि जो सरकार के निर्देशों का पालन करेंगे, वही कोविड-19 महामारी में सुरक्षित रहेंगे। वितमंत्री ने यह बात कोविड-19 महामारी के दौर में अफसरों और आमजन की ओर इशारा करते हुए कही। वित्तमंत्री ने कहा …

बरेली, अमृत विचार। जनपद में फैल रहे कोरोना संक्रमण को लेकर वित्तमंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने साफ शब्दों में कहा कि जो सरकार के निर्देशों का पालन करेंगे, वही कोविड-19 महामारी में सुरक्षित रहेंगे। वितमंत्री ने यह बात कोविड-19 महामारी के दौर में अफसरों और आमजन की ओर इशारा करते हुए कही।

वित्तमंत्री ने कहा कोरोना संक्रमण से आमजन को बचाने के लिए सरकार पूरी ताकत से लड़ रही है। यहां कंट्रोल रूम का स्टाफ भी शिद्दत के साथ लगा हुआ है। कोरोना का वायरस अब हवा और नमी में भी फैल रहा है। संक्रमण की जांचों में यह स्पष्ट हो चुका है। ऐसे में बचाव ही सुरक्षा है। वित्तमंत्री ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट स्थित कोविड कंट्रोल रूम का निरीक्षण किया।

वित्तमंत्री सुरेश कुमार खन्ना का शुक्रवार दोपहर करीब 12:20 बजे बरेली पहुंचने का कार्यक्रम था लेकिन वह हेलीकाप्टर से जल्दी आ गए। पुलिस लाइन में हेलीकाप्टर लैंड करने के बाद वित्त मंत्री सीधे कार से कलेक्ट्रेट पहुंचे और एकीकृत कोविड कमांड एवं कंट्रोल सेंटर का करीब एक घंटे तक निरीक्षण किया। वित्त मंत्री ने जिलाधिकारी नितीश कुमार से कोविड नियंत्रण को लेकर कागजी कार्रवाई देखी। होम आईसोलेशन और संक्रमितों के निकलने के बाद उन्हें कोविड अस्पतालों में किस तरह भर्ती कराया जा रहा, इस पर विस्तृत रिपोर्ट देखी। एक्टिव एंबुलेंस की जानकारी ली।

वित्त मंत्री ने कंट्रोल रूम में तैनात अफसरों के साथ कर्मचारियों से भी उनके कार्य के बाबत जानकारी ली। वित्त मंत्री ने कहा है कि कोविड संक्रमण को नियंत्रण करने के लिए किसी स्तर पर चूक नहीं रहनी चाहिए। कोविड पर नियंत्रण को संक्रमितों की चेन ढूंढने का हर संभव प्रयास करें। उन्होंने जिलाधिकारी को संक्रमितों के इलाज की समुचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए। कंट्रोल रूम के कर्मचारियों से मरीज के प्रति मधुर व्यवहार रखने को कहा।

वित्त मंत्री ने कहा कि यहां से जिस किसी संक्रमित व उसके परिजनों को फोन किया जाए तो फोन करने वाले की आवाज में मधुरता के साथ संवेदनशीलता होनी चाहिए। लापरवाही करने का प्रभाव पूरे सिस्टम पर बुरा प्रभाव छोड़ता है। कोविड अस्पताल वालों के साथ बैठक कर मरीज का इलाज प्राथमिकता में कराएं। आक्सीजन की व्यवस्था पूरी रखने के निर्देश दिए।

इस दौरान वित्त मंत्री को डीएम ने बताया कि कोविड नियंत्रण के लिए जनपद में 29 क्लस्टर बनाए हैं, जिनके एरिया सील कर वहां सैंपलिंग का कार्य कराया जा रहा है। इस दौरान शहर विधायक डा. अरुण कुमार, सीडीओ चंद्रमोहन गर्ग, आईएएस अधिकारी ईशान प्रताप सिंह, एडीएम सिटी महेंद्र कुमार सिंह, कंट्रोल रूम प्रभारी समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

कंट्रोल रूम में संक्रमितों की एक रिपोर्ट दोपहर तो एक शाम को मंगाए
वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने जिला प्रशासन को निर्देश दिए हैं कि कंट्रोल रूम में पॉजिटिव मरीजों की एक रिपोर्ट दोपहर में और एक शाम को मंगाए, ताकि उनकी तत्काल ट्रैकिंग शुरू की जा सके। मरीज की हर स्तर पर ट्रैकिंग करें। जहां भी लापरवाही हो तो उस पर कार्रवाई भी करें। वित्तमंत्री ने कंट्रोल रूम में तैनात चिकित्सीय स्टाफ से कहा कि मरीज की जान बचाना पहली प्राथमिकता में शामिल करें। यदि मरीज ठीक होगा और उसकी जान बचेगी तो डॉक्टर व स्टॉफ की ख्याति होगी। एक मरीज के मामले में लापरवाही 100 मरीजों के बेहतर इलाज पर भारी पड़ती है।

संबंधित समाचार