Alaya Apartment Collapse: LDA से गायब हुआ यजदान बिल्डर का हर रिकॉर्ड, फाइलों की तलाश में जुटे कर्मचारी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखनऊ, अमृत विचार। लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) के दफ्तर से अलाया अपार्टमेंट व यजदान बिल्डर के मानचित्र व शमन शुल्क सम्बन्धी सभी फाइलें गायब हैं। इसमें यजदान बिल्डर जोन 6 के हजरतगंज क्षेत्र व जोन 5 महानगर क्षेत्र में बिल्डर से जुड़ी सात सम्पतियों की भी फाइलें हैं। फाइलों के गायब होने के पीछे मानचित्र सेल के अधिकारियों व बाबुओं की मिलीभगत बताई जा रही है।

इसके अलावा अलाया अपार्टमेंट के निर्माण के दौरान इस जोन में तैनात रहे अधिकारियों व कर्मचारियों का ब्योरा भी अभी तक जुटाया नहीं जा सका। एलडीए के रिकार्ड रूम में अलाया अपार्टमेंट के निर्माण की अवधि (वर्ष 2010) से अब तक तैनात रहे अधिकारियों व कर्मचारियों का ब्योरा भी उपलब्ध नहीं है।

उल्लेखनीय है कि बीते मंगलवार को शाम हजरतगंज क्षेत्र के वजीर हसन रोड पर बना पांच मंजिला अलाया अपार्टमेंट भरभरा कर गिर गया था। इस हादसे में कई तीन लोगों की अब तक मौत हो चुकी है जबकि 17 लोगों को मलबे से सकुशल बाहर निकाला गया। बताया जा रहा है कि ये अपार्टमेंट यजदान बिल्डर ने वर्ष 2009-10 में बनाया था।

अवैध होने के कारण 2010 में विहित प्राधिकारी ने ध्वस्त करने के आदेश दिए थे। लेकिन, सील तक नहीं किया गया था। उस दौरान रहे जोन-6 के अधिकारी, अभियंता व कर्मचारियों को दोषी माना जा रहा है। जिनके संरक्षण में अपार्टमेंट तैयार होनी की बात सामने आई है। इस कारण ध्वस्तीकरण का आदेश होते हुए भी अपार्टमेंट समय पर नहीं तोड़ा गया था। इस पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच होनी है। लेकिन, लखनऊ विकास प्राधिकरण में उस दौरान तैनात रहे अधिकारी व कर्मचारियों से जुड़ी फाइलें नहीं मिल रही हैं। इस कारण किसी का नाम सामने नहीं आ पा रहा है।

घटना के बाद तीन दिन से बराबर गोमती नगर व लालबाग कार्यालय में फाइलें ढूंढीं जा रहीं हैं। इस काम में कई कर्मचारियों को भी लगाया गया है। अब तक सिर्फ इतना पता चल पाया है कि पूर्व में तैनात रहे विहित प्राधिकारी राकेश कुमार मिश्रा ने 2010 में ध्वस्तीकरण का आदेश पारित किया था। जिस पर कार्रवाई नहीं की गई थी। इस मामले पर अपर सचिव ज्ञानेंद्र वर्मा ने बताया कि जानकारी कर रहे हैं। जल्द नाम सामने आएंगे।

बताया जा रहा है कि एलडीए उपाध्यक्ष डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी ने 2009-10 में मानचित्र सेल में तैनात रहे एक बाबू को शुक्रवार देर शाम तलब किया। इससे यह जानकारी हुई कि यजदान बिल्डर के मानचित्र व संपति सम्बंधित दाखिल की गईं फाइलें ही नहीं है। इस पर उपाध्यक्ष ने सम्बंधित बाबू को फटकार लगाते हुए शनिवार शाम तक सभी फाइलें मांगी है। न मिलने पर नामजद एफआइआर कराने की चेतावनी दी है।

अलाया से सटे मकान में खाली करने का नोटिस चस्पा
अलाया अपार्टमेंट से सटे एक मकान में एलडीए के अधिकारियों ने शुक्रवार शाम घर खाली करने का नोटिस चस्पा किया है। क्योंकि अलाया अपार्टमेंट गिरने से उस मकान में दरारें पड़ने के साथ दीवारें चटक गई हैं। इससे हादसे का डर है। वहीं, अलाया का मलबा हटाने के दौरान भी मकान की दीवारे क्षतिग्रस्त होना बताया गया है। जिससे वहां रह रहे परिवार को खतरा है। ऐसे में मकान खाली करना होगा। जिसकी जांच एलडीए की अभियंताओं की टीम करेगी।

यह भी पढ़ें:-अलाया अपार्टमेंट हादसा : सपा नेता अब्बास हैदर ने मां और पत्नी की मौत के लिए अधिकारियों को ठहराया जिम्मेदार

संबंधित समाचार