Kanpur Zoo से ढाई क्विंटल की तिजोरी चोरी, छह लाख पार, चिड़ियाघर प्रशासन मामले को दबाने में जुटा
कानपुर के चिड़ियाघर से ढाई क्क्टिंल की तिजोरी चोरी।
कानपुर के चिड़ियाघर से ढाई क्क्टिंल की तिजोरी चोरी हो गई। चोर छह लाख रुपये का माल पार कर ले गए। चिड़ियाघर प्रशासन मामले को दबाने में जुटा रहा।
कानपुर, अमृत विचार। नवाबगंज थानाक्षेत्र अंतर्गत चिड़ियाघर के कैश रूम से चोरों ने ढाई क्विंटल की तिजोरी पार कर छह लाख रुपये की नकदी पार कर दी। वारदात से हड़कंप मच गया। सुबह सफाई के लिए पहुंचे कर्मचारी को तिजोरी गायब मिलने पर उन्होंने अन्य लोगों को जानकारी दी। रेंजर ने विभाग के कुछ कर्मचारियों पर चोरी करने का अंदेशा जताते हुए मामले की लिखित शिकायत नवाबगंज थाने में की है।
एसीपी ने घटना की जांच पड़ताल कर मुकदमा दर्ज करने के निर्देश दिए। पुलिस ने शक के आधार पर चार कर्मचारियों से पूछताछ शुरू की है। रेंजर दिलीप गुप्ता ने पुलिस को बताया कि चिड़ियाघर में आने वाले दर्शकों से होने वाली आय को परिसर में ही स्थित प्रशासनिक भवन में बने कैश रूम के अंदर रखी तिजोरी में रखा जाता है।
रीब एक सप्ताह में 5.95 लाख की आय हुई थी, जिसे तिजोरी में रखवा दिया गया था। बाहर से ताला बंद था। शुक्रवार सुबह जब कैश रूम में पहुंचे तो अंदर से भारी भरकम तिजोरी गायब मिली। उन्होंने कैश इंचार्ज समेत चार कर्मचारियों पर शक जताया है, जिनके पास तिजोरी की चाबियां रहती हैं।
शाम को सूचना पर पहुंची नवाबगंज थाना पुलिस ने प्रशासनिक भवन में लगे सीसीटीवी को खंगाला तो मालूम हुआ कि वारदात को अंजाम देने से पहले चोरों ने सीसीटीवी भी बंद कर दिए थे। पुलिस ने संदिग्धों से पूछताछ शुरू की है। एसीपी अकमल खान ने बताया कि संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है। जल्द ही वारदात का खुलासा किया जाएगा।
दिनभर दबाए रखा मामला, शाम को पहुंचे थाने
चिड़ियाघर के अंदर से नकदी चोरी होने की सूचना सुबह से ही अधिकारियों को हो गई। इसके बाद भी सभी मामला दबाए रहे। डायरेक्टर केके सिंह के अनुसार सुबह सभी सफाई कर्मचारियों और गार्डों से चिड़ियाघर के प्रशासन ने अपने स्तर से पूछताछ की। पूरे परिसर में भी खोजबीन करवाई गई। शाम तक कुछ भी पता न चलने पर पुलिस को सूचना देने का फैसला लिया गया। पुलिस को प्रशासनिक भवन की ओर जाने वाले रास्ते पर एक कैमरा चलता हुआ मिला, लेकिन उसमें कोई भी नजर नहीं आया। वहीं, पुलिस का कहना है कि यदि उन्हें सुबह से वारदात का पता चल जाता तो फोरेंसिक और डॉग स्क्वाड की मदद ली जा सकती थी।
चार से पांच लोगों के शामिल होने की आशंका
पुलिस के अनुसार चोरों ने कैश रूम का ताला नहीं तोड़ा है। उसे चाबी से खोलने के बाद तिजोरी पार कर दी गई। पुलिस को आशंका है कि भारी भरकम तिजोरी को उठाने के लिए चार से पांच लोग रहे होंगे। किस समय वारदात को अंजाम दिया गया। सभी को शक के घेरे से देखा जा रहा है।
गणतंत्र दिवस पर चिड़ियाघर में उमड़ी थी दर्शकों की भारी भीड
गणतंत्र दिवस चिड़ियाघर में दर्शकों की बहार लेकर आया। सामान्य दिनों के मुकाबले गुरुवार को चिड़ियाघर में दस गुना से भी ज्यादा दर्शक जानवरों को देखने पहुंचे। उन्होंने जमकर लुत्फ उठाया। जानवरों की अठखेलियां देखीं और खूब मस्ती की। चिड़ियाघर में काफी संख्या में लोगों की मौजूदगी होने से वन्य प्राणी उद्यान को एक दिन में लाखों का राजस्व प्राप्त हुआ। चिड़ियाघर में सुबह आठ बजे से ही लोगों का प्रवेश शुरू हो गया था। टिकटघर खुलने से पहले ही लोगों ने लाइन लगा ली। काफी लंबी लाइनें लगने की वजह से कई लोगों को टिकट पाने के लिए इंतजार करना पड़ा। देखते ही देखते भीड़ काफी बढ़ गई, जिससे चिड़ियाघर में चहलकदमी भी बढ़ गई।
कानपुर शहर के अलावा इटावा, औरैया, उन्नाव, फतेहपुर, कन्नौज आदि जिलों से भी लोग चिड़ियाघर घूमने पहुंचे थे। ज्यादातर दर्शक पक्षियों को देखने के बाद पशुओं के बाड़े में पहुंचे। भालू के घास में लोटपोट ने उन्हें खूब गुदगुदाया तो बाघ की चहलकदमी को देख दर्शक रोमाचिंत हो गए। चिड़ियाघर में खूब आनंद लिया और काफी देर तक चिड़ियाघर भ्रमण किया। रेंज ऑफिसर ने बताया कि सामान्य दिनों में पांच सौ से एक हजार दर्शक पहुंचते हैं। लेकिन खास दिनों में यहीं संख्या तीन गुना बढ़ जाती है।
