Theft in Kanpur : एसीपी दफ्तर के बगल में शराब ठेके से चोरी में पुलिस गश्त की खुली पोल, सीसीटीवी में कैद शातिर
Theft in Kanpur कानपुर में एसीपी दफ्तार के बगल में शराब ठेके से चोरी।
Theft in Kanpur कानपुर के स्वरूप नगर थाना क्षेत्र में एसीपी दफ्तर के बगल में शराब ठेके में चोरी की वारदात से पुलिस गश्त की पोल खुली। सीसीटीवी कैमरे में पूरी घटना कैद हो गई।
कानपुर, अमृत विचार। Theft in Kanpur शहर में चोरियां थमने का नाम नहीं ले रहीं हैं। पुलिस इस पर अंकुश लगा पाने में पूरी तरह से नाकाम साबित हो रही है। आए दिन हो रही छोटी से लेकर बड़ी चोरियां पुलिसिया गश्त की पोल खोल रही हैं। चोरों पर कड़ी कार्रवाई न होने से उनके हौंसले बुलंद है। इस बार चोर ने शहर के पॉश इलाके स्वरूप नगर के मुख्य मार्ग पर स्थित एसीपी दफ्तर के बगल में स्थित शराब ठेके को निशाना बनाया है। चोरों ने हजारों का माल व नकदी पार कर दिया। पीड़ित ने पुलिस से मामले की शिकायत की है।
एसीपी स्वरूप नगर मृगांक शेखर पाठक के दफ्तर के बगल में मनोज कुमार पांडेय का हनुमान मंदिर के बगल में अंग्रेजी शराब का ठेका है। शॉप के मैनेजर सुंगध जायसवाल ने बताया कि 26 जनवरी गणतंत्र दिवस के दिन दुकान बंद थी। देर रात करीब साढ़े बारह बजे एक शातिर चोर मुंह में कपड़ा बांधकर बगल की गली में बनी स्पोटर्स एकेडमी के पीछे से दुकान के अंदर टीन तोड़कर दाखिल हुआ।
इसके बाद उसने ऊपर चढ़कर सबसे पहले सीसीटीवी की दिशा को बदल दिया। दुकान में रखी मंहगी शराब की बोतलें व नकदी समेत करीब 25 हजार रुपये का माल पार कर दिया। उसने बताया कि 27 जनवरी को सुबह साढ़े दस बजे दुकान पहुंचने पर घटना की जानकारी हो सकी। उन्होंने बगल में स्थित स्वरूप नगर थाने पहुंचकर लिखित शिकायत की। जिस पर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सीसीटीवी को खंगाला और कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए।
शातिर की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं, लेकिन अभी तक पुलिस किसी भी नतीजे पर नहीं पहुंची है। पॉश इलाके में रहने वाले कुछ परिवारों ने बताया कि रात में पुलिस कभी गश्त नहीं करती है। लोगों को अपने बंगलों की सुरक्षा के लिए गार्ड लगाने पड़ते हैं। उन लोगों का कहना था कि अधिकारी के दफ्तर के बगल में चोरी होती रही और पुलिस को भनक तक नहीं लगी, तो इससे गश्त का अंदाजा लगा जा सकता है। वहीं थाना प्रभारी राजेश शर्मा ने बताया कि सीसीटीवी की मदद से शातिर की पहचान के लिए टीमें लगाई गईं हैं।
काकादेव में निर्माणाधीन मकान में चोरी
काकादेव थानाक्षेत्र अंतर्गत नवीन नगर निवासिनी रीना सक्सेना के निर्माणाधीन मकान के लिए बाहर लोहे की जंजीर से बंधी करीब 25 हजार की सरिया चोरों ने ताला काटकर पार कर दी। सुबह के वक्त गृहस्वामिनी को घटना की जानकारी हो सकी। उन्होंने थाने पहुंचकर पुलिस से शिकायत की है। चौकी इंचार्ज सुरेंद्र कुमार ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की और जल्द खुलासा करने का दावा किया।
