एमएलसी चुनाव: गोरखपुर-फैजाबाद स्नातक खण्ड के लिए 30 को पड़ेंगे वोट
अयोध्या के 14 हजार से अधिक मतदाता 24 प्रत्याशियों के भाग्य का करेंगे फैसला
अयोध्या, अमृत विचार। उत्तर प्रदेश विधान परिषद के लिए गोरखपुर-फैजाबाद खण्ड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के लिए 30 जनवरी को मतदान सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक होगा। रविवार को पोलिंग पार्टियां बैलेट बॉक्स के साथ कलेक्ट्रेट से पूर्वाह्न रवाना होंगी।
स्नातक क्षेत्र एमएलसी चुनाव के लिए जनपद अयोध्या में 14 मतदान केन्द्रों पर 18 मतदेय स्थल (बूथ) बनाये गए हैं। जिले के 14 हजार 345 मतदान अपने मताधिकार का प्रयोग कर 24 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसल बैलेट पेपर के जरिये करेंगे। जिले में 9417 पुरुष और 4928 महिला स्नातक मतदाता हैं। शहर में जीआईसी, मनोहर लाल इंटर कॉले, फार्स इंटर कॉलेज व नगर निगम कार्यालय मतदान केन्द्रों पर वोटिंग होगी।
किस बूथ पर होंगे सबसे अधिक मतदाता
गोरखपुर-फैजाबाद स्नातक क्षेत्र चुनाव के लिए सबसे अधिक 1028 पुरुष वोटर क्षेत्र पंचायत भवन मया व सर्वाधिक 518 महिला वोटर क्षेत्र पंचायत भवन मसौधा के बूथों पर मतदान करेंगे।
विवि स्नातक कर्मचारियों को मिलेगा विशेष अवकाश
उप जिला निर्वाचन अधिकारी व एडीएम प्रशासन अमित सिंह ने बताया कि उत्तर प्रदेश विधान परिषद के गोरखपुर-फैजाबाद खण्ड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के निर्वाचन में मतदान करने के लिए उत्तर प्रदेश राज्य के सभी कर्मचारी जो विश्वविद्यालय स्नातक हैं और स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों से होने वाले राज्य विधान परिषद के निर्वाचनों के लिए बोनाफाइड मतदाता है, उन्हें मताधिकार के प्रयोग के लिए 30 जनवरी को विशेष आकस्मिक अवकाश अनुमन्य किया जाएगा।
विशेष पेन से करेंगे मतदान
स्नातक क्षेत्र से एमएलसी चुनाव में मतदान आम चुनाव से अलग होता है। इस चुनाव में मतदाताओं को न तो ईवीएम का बटन दबाना है और न ही मतपत्र पर मुहर लगानी है। बल्कि उन्हें बूथ पर मिलने वाले स्पेशल पेन से प्रत्याशियों को वरीयता के आधार पर वोट देना होगा। वोटरों को प्रत्याशियों के नाम के आगे 1, 2, 3 आदि लिखना होगा। अंक लिखने के लिए भी अपने साथ ले जाए गए पेन का प्रयोग नहीं कर सकेंगे। पीठासीन अधिकारी द्वारा उन्हें पेन दी जाएगी, उसी पेन से वोट देना होगा अन्यथा वोट को अवैध मान लिया जाएगा।
ये भी पढ़ें -अयोध्या: पिकअप से अवैध कटान की लकड़ी बरामद, 20 हजार का जुर्माना
