प्रिंस विलियम को भाया Kanpur का फ्लेदर, अर्थशॉट पुरस्कार के लिए यूरोप में दिखाया दम

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

प्रिंस विलियम को कानपुर फ्लेदर पंसद आया।

प्रिंस विलियम को कानपुर का फ्लेदर पंसद आया। अर्थशॉट पुरस्कार के लिए यूरोप में दम दिखाया। दुनिया की तीन नामी फैशन कंपनियां बढ़ावा देंगी।

कानपुर, अमृत विचार। वेल्स के राजकुमार विलियम को शहर का फ्लेदर (कृत्रिम चमड़ा) भा गया है। उन्होंने दुनिया भर की नामी तीन फैशन कंपनियों को इसको बढ़ाने में सहयोग करने के लिए कहा है। वह फ्लेदर को देखकर और उसकी खूबियों को जानकर काफी आश्चर्यचकित हुए। उन्होंने स्टार्टअप के क्षेत्र में भारत के आगे आने की बात स्वीकार की।

प्रिंस शुक्रवार को लंदन के विंस्टर में पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में करोड़ों रुपये की इनामी राशि के अर्थशॉट पुरस्कार के फाइनल में शामिल हुए। यहां दुनिया के 15 स्टार्टअप ने अपनी प्रकृति प्रेमी खूबियों का जलवा बिखेरा। मुकबले का निर्णय एक या दो दिन में आ सकता है। इसमें से अलग अलग श्रेणी के पांच विजेता चुने जाएंगे। सभी को करीब 1.2 मिलियन अमेरिकी डॉलर दिए जाएंगे। 

Kanpur Leather

आर्य नगर निवासी अंकित अग्रवाल ने आईआईटी के स्टार्टअप इनोवेशन इंक्यूबेशन सेंटर के सहयोग से उद्यमिता विकास किया। उन्होंने और उनकी टीम ने कानपुर, वाराणसी, प्रयागराज, मथुरा आदि मंदिरों से निकलने वाले फूल और अन्य पूजन सामग्री से धूपबत्ती, अगरबत्ती और कई सजावटी वस्तुएं तैयार कीं।

अगले चरण में फूलों की मदद से कृत्रिम चमड़ा विकसित किया गया। इसको कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पुरस्कार हासिल हुए। फ्लेदर की खूबियों को देखते हुए इसे अर्थशॉट पुरस्कार के लिए भेजा गया। इसका चयन वेस्ट फ्री कैटेगरी के अंतर्गत हुआ। 

बिल्कुल चमड़े जैसा, बनाया कैसे 

अंकित के मुताबिक राजकुमार विलियम एक एक करके सभी 15 प्रतिभागियों से मिले। उन्होंने हवा, समुद्र, जलवायु को सुरक्षित, संरक्षित और शुद्ध रखने वाले स्टार्टअप पर चर्चा की। अपशिष्ट की समस्या को दूर करने के साथ ही प्रबंधन पर विचार विमर्श किया। उन्होंने फ्लेदर को देखकर कहा कि यह बिल्कुल चमडे  जैसा है, इसको बनाया कैसे है। यह कृत्रिम चमड़ा नहीं लग रहा है। 

इन देशों के प्रतिभागी हुए शामिल 

अर्थशॉट के लिए हांगकांग, केन्या, यूएसए, नीदरलैंड, पुर्तगाल, ओमान आदि देशों के प्रतिभागी शामिल हुए। हर स्टार्टअप अपने आप में खास थे। राजकुमार विलियम और उनकी टीम सभी से मिली और उनका उत्साहवर्धन किया।

संबंधित समाचार