बदायूं: खेलते समय तालाब में गिरी बच्ची, पानी में डूबने से मौत
थाना वजीरगंज क्षेत्र के कस्बा सैदपुर के वार्ड चार में शनिवार को हुआ हादसा
वजीरगंज, अमृत विचार। खेलते समय ढाई वर्ष की एक बच्ची तालाब में गिर गई। पानी में डूबने से उसकी मौत हो गई। काफी देर के बाद परिजनों को जानकारी हुई तो बच्ची को तालाब से बाहर निकाला गया। परिजन उसे निजी चिकित्सक के पास ले गए।
चिकित्सक ने बच्ची को मृत घोषित कर दिया। मौत के बाद परिवार में कोहराम है। परिजनों ने पुलिस को सूचना दिए बिना शव दफन कर दिया। तीन दिन पहले भी इसी तालाब में तीन वर्ष की बच्ची गिर गई थी लेकिन उसके परिजनों ने समय से देख लिया और बच्ची को बाहर निकाल लिया गया था।
थाना वजीरगंज क्षेत्र में कस्बा सैदपुर के मोहल्ला अशरफ नगर बड़ा तकिया के वार्ड चार में रहने वाले मोहम्मद आसिफ उर्फ पापू शाह मजदूरी करके परिवार का पालन पोषण करते हैं। उनके घर के पास में ही हाजी सैय्यद नाम से सरकारी तालाब है। आसिफ उर्फ पापू शाह शनिवार को घर से बाहर गए थे। घर पर उनकी मां, पत्नी और ढाई वर्ष की बच्ची मन्नत थी।
महिलाएं घर के काम में व्यस्त थीं। मन्नत घर पर खेल रही थी। खेलते-खेलते मन्नत घर के पास तालाब के पास पहुंच गई। किसी तरह वह तालाब में गिर गई। महिलाएं घर के काम करके फारिक हुईं। आसिफ की पत्नी ने देखा कि बच्चे घर पर कहीं नहीं है।
उन्हें लगा कि आसपास खेलने लगी होगी तो इधर-उधर तलाश शुरू की। काफी देर तक बच्ची का पता नहीं चल सका। उन्होंने आसिफ को सूचना भिजवाई। वह मौके पर पहुंचे। कुछ समय के बाद घर के पास हाजी सैय्यद तालाब में बच्ची मिली। परिजनों ने बच्ची को तालाब से बाहर निकाला। उसे कस्बा में निजी चिकित्सक के पास लेकर गए। चिकित्सक ने बच्ची की मौत की जानकारी दी तो परिवार में कोहराम मच गया। थाना वजीरगंज के प्रभारी निरीक्षक धनंजय कुमार पांडेय ने बताया कि बच्ची के परिजनों ने थाने पर सूचना नहीं दी है।
ऑपरेशन के चक्कर में नहीं बनवा सके चाहरदीवारी
आसिफ कई दिनों से अपने घर की चाहरदीवारी बनवाना चाहते थे लेकिन मन्नत के होंठ में बचपन से ही कुछ समस्या होने की वजह से पहले उसका इलाज कराने का निर्णय लिया। उन्होंने चिकित्सक को दिखाया तो चिकित्सक ने होंठ के ऑपरेशन की बात कही। उन्होंने कुछ महीने पहले मुरादाबाद के निजी अस्पताल में मन्नत के होंठ का ऑपरेशन कराया था। कुछ हिस्से का ऑपरेशन सोमवार को होना था लेकिन इससे पहले ही हादसा हो गया।
यह भी पढ़ें- रामचरितमानस टिप्पणी मामला: चौतरफा घिरे स्वामी प्रसाद मौर्य के बचाव में आईं बेटी संघमित्रा, जानिए क्या कहा
