MLC Election : सुबह आठ बजे से शुरू हुआ मतदान, बारिश से पड़ा प्रभाव, गति धीमी

Amrit Vichar Network
Published By Bhawna
On

जिले में 32098 मतदाता हैं खंड स्नातक क्षेत्र विधान परिषद सदस्य चुनाव के वोटर, भाजपा प्रत्याशी डा. जयपाल सिंह व्यस्त ने मंडी समिति स्थित बूथ पर डाला वोट, बोले- सभी अपनी जिम्मेदारी निभाएं

मुरादाबाद। बरेली-मुरादाबाद खंड स्नातक क्षेत्र से विधान परिषद चुनाव के लिए सोमवार को सुबह आठ बजे से मतदान चल रहा है। बारिश ने मतदान में खलल डाला है। मतदान की गति धीमी है। भाजपा प्रत्याशी डा. जयपाल सिंह व्यस्त ने मंडी समिति में बूथ पर अपना वोट डाला। उन्होंने कहा कि आज उनके साथ ही मतदाताओं की भी परीक्षा है। हम सभी को लोकतंत्र के इस उत्सव में अपनी पूर्ण सहभागिता कर अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए। 

बीजेपी प्रत्याशी जयपाल सिंह व्यस्त

मंडी समिति स्थित मतदान केंद्र से वोट डालकर बाहर आते बीजेपी प्रत्याशी जयपाल सिंह व्यस्त।

जिले में इस चुनाव में 32098 स्नातक मतदाता हैं। इनके मतदान के लिए शहर में तहसील कार्यालय, नगर निगम कार्यालय, मंडी समिति, आरएन इंटर कॉलेज, ब्लॉक कार्यालय परिसर आदि में बूथ बनाए गए हैं। जिले में कुल 16 मतदान केंद्र और 39 मतदेय स्थल अर्थात बूथ बनाए गए हैं।  जिलाधिकारी शैलेन्द्र कुमार सिंह का कहना है कि जिले को 16 सेक्टर और आठ जोन में बांटा गया है। चार सुपर जोनल मजिस्ट्रेट जिसमें मुख्य विकास अधिकारी सुमित यादव, अपर जिलाधिकारी नगर आलोक वर्मा, एडीएम प्रशासन सुरेंद्र सिंह, अपर जिलाधिकारी वित्त युगराज सिंह शामिल हैं। 

dm

आरएन इंटर कॉलेज में मतदान के दौरान निरीक्षण करते जिला अधिकारी शैलेंद्र कुमार सिंह व एसएसपी हेमराज मीना।

जबकि मंडल के पांचों जिलों को मिलाकर 1,13, 947 मतदाताओं को अपने मताधिकार का प्रयोग करने का अवसर मिला है।  मतदान केंद्रों की ओर जाने वाले रास्ते पर बैरिकेडिंग कर सामान्य वाहनों और लोगों की आवाजाही रोकी गई है। केवल मतदाता और चुनाव से जुड़े लोगों को ही आने जाने दिया जा रहा है। अन्य लोगों को वैकल्पिक रास्ते के भेजा जा रहा है। जिला मजिस्ट्रेट मतदान केंद्रों की निगरानी कर रहे हैं।

ये भी पढ़ें :  मुरादाबाद मंडल के 1,13,947 मतदाता चुनेंगे स्नातक विधान परिषद सदस्य, बूथों पर पहुंची पोलिंग पार्टियां

संबंधित समाचार