गोरखपुर-फैजाबाद खण्ड स्नातक क्षेत्र चुनाव: अयोध्या में 40.76 प्रतिशत मतदान
जिले में कुल 14 हजार 345 वोटर रहे पंजीकृत, सांसद लल्लू सिंह ने भी किया मताधिकार का प्रयोग
अयोध्या, अमृत विचार। गोरखपुर-फैजाबाद खण्ड स्नातक निर्वाचन 2023 विधान परिषद चुनाव के लिए जनपद में सोमवार को सभी 14 मतदान केन्द्रों के 18 बूथों पर सकुशल मतदान सम्पन्न हो गया। मतदान के साथ ही जनपद के मतदाताओं ने भाजपा समर्थित देवेन्द्र प्रताप सिंह सहित 24 उम्मीदवारों के भाग्य मतपेटियों में कैद कर दिया। जिले में 14 हजारा 345 मतदाताओं में से कुल 40.76 प्रतिशत वोटरों ने ही मतदान किया। सांसद लल्लू सिंह ने जीआईसी पहुंचकर अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
शहर के चार मतदान केन्द्रों जीआईसी, फार्ब्स इण्टर कॉलेज, एमएलएमएल इंटर कॉलेज व नगर निगम परिसर पर वोटरों की संख्या बहुत कम रही। वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में वोटरों ने अधिक मतदान किया। जिलाधिकारी व सहायक निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारी गोरखपुर-फैजाबाद खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र नितीश कुमार ने जनपद के विभिन्न मतदान केंद्रों का भ्रमण कर मतदान प्रक्रिया का जायजा लिया गया। जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद के समस्त 14 मतदान केंद्रों पर बनाए गए 18 बूथों पर आयोग के निदेर्शों का अनुपालन सुनिश्चित कराते हुए सम्पूर्ण मतदान प्रक्रिया सकुशल संपन्न हुई। जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद में 40.76 प्रतिशत मतदान हुआ है।
एमएलसी चुनाव में अयोध्या के प्रथम महापौर नहीं डाल सके वोट
स्नातक क्षेत्र एमएलसी चुनाव में नगर निगम अयोध्या के प्रथम महापौर ऋषिकेश उपाध्याय सहित कई अन्य गणमान्य लोग मतदान से वंचित रहे। निवर्तमान महापौर उपाध्याय विगत 15 दिनों से भाजपा समर्थित प्रत्याशी के समर्थन में प्रचार में जुटे थे। लेकिन जब महापौर वोट देने के लिए पहुंचे तो वोटर लिस्ट से ही उनका नाम गायब रहा।
अयोध्या के पहले मेयर उपाध्याय ने बताया कि 1995 में ग्रेजुएशन पूरा होने के बाद से ही हर वर्ष मतदान करते रहे हैं। 27 वर्ष में पहली बार एमएलसी चुनाव में शामिल नही हो सके। कहा कि सूची में गलती होने के कारण बहुत से लोगों का नाम नहीं मिल सका। वहीं साकेत महाविद्यालय के प्रोफेसर बी.डी. द्विवेदी ने कहा कि इस बार साकेत महाविद्यालय के भी कई शिक्षकों का नाम वोटर लिस्ट से गायब है जिसके कारण से इस बार वोट नहीं दें सकेंगे।
ग्रामीण क्षेत्रों में शांतिपूर्ण निपटा मतदान
पूराबाजार संवाददाता के अनुसार पूरा बाजार विकास खण्ड में दो बूथों पर 458 वोटरों ने मतदान किया। तारून संवाददाता के अनुसार तारुन ब्लाक में कुल 1525 मतों में 39 प्रतिशत मतदान हुआ। रुदौली संवाददाता के अनुसार क्षेत्र में 633 में से कुल 355 मत पड़े। यहां 56 प्रतिशत मतदान हुआ। बीकापुर संवाददाता के अनुसार ब्लाक मुख्यालय पर 1055 मतदाताओं में से 549 लोगों ने अपने मतों का प्रयोग किया।
ये भी पढ़ें -स्वामी प्रसाद के बाद सपा विधायक आरके वर्मा ने रामचरित मानस पर उठाया सवाल, Tweet कर बताया संविधान विरोधी
