कर्नल सीके नायडू ट्राफी : यूपी के खिलाफ झारखंड की टीम लड़खड़ाई, गिरे सात विकेट
कानपुर में झारखंड की टीम ने पहले दिन 177 रन बनाए।
कानपुर में झारखंड की टीम ने पहले दिन सात विकेट खोकर 177 रन बनाए। मैच के दूसरे दिन उत्तर प्रदेश की टीम 370 पर लौटी।
कानपुर, अमृत विचार। कर्नल सीके नायडू ट्राफी में झारखंड के खिलाफ उत्तर प्रदेश की टीम ने अपनी मजबूत पकड़ बना ली है। पहली पारी में उत्तर प्रदेश की पूरी टीम 370 रन बनाकर वापस लौट गई। जिसके बाद लक्ष्य का पीछा करने उतरी झारखंड टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही। एक के बाद एक टीम के विकेट गिरते रहे। दूसरे दिन का खेल खत्म होने के बाद झारखंड ने सात विकेट खोकर 177 रन बना लिए हैं। टीम अभी भी 193 रन पीछे है। उत्तर प्रदेश की ओर से बॉबी यादव, कृतज्ञ केके सिंह और जिशान अंसारी ने 2-2 विकेट झटके, वहीं, कुनाल त्यागी ने एक विकेट हासिल किया।
रविवार को ग्रीन पार्क में टॉस जीतने के बाद झारखंड की टीम ने यूपी को पहले खेलने के लिए आमंत्रित किया था। उत्तर प्रदेश की टीम के विकेटकीपर और बल्लेबाज आदित्य शर्मा ने शानदार 156 रन की नाबाद पारी की बदौलत यूपी ने पहले दिन खेल खत्म होने तक सात विकेट खोकर 325 रन बनाए। दूसरे दिन यूपी की टीम फिर से मैदान पर उतरी और दस विकेट के बाद महज 45 रन ही जोड़े। पूरी टीम 370 रन बनाकर वापस लौट गई।
झारखंड की ओर से विशाल और शरणदीप सिंह ओपनिंग करने आये। दोनों ही खिलाड़ी ज्यादा देर पिच पर टिक नहीं सके। विशाल 4 तो वहीं, शरणदीप 21 रन पर आउट होकर पवेलियन लौट गए। इसके बाद खेलने उतरे विवेक कुमार ने पारी को संभाला। उन्होंने पहले रॉबिन और फिर आदित्य सिंह के साथ मिलकर स्कोर बोर्ड को आगे बढ़ाया। विवेक ने 46 रन तो वहीं, आदित्य सिंह ने 31 रन बनाए। रॉबिन ने टीम के लिए 5 रन और सुरवर अपना खाता तक नहीं खोल सके। जिसके बाद अरविंद कुमार ने 39 रन और मनीशी ने 27 रन बनाए। दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक उत्तर प्रदेश ने मैच में अपनी पकड़ मजबूत बना ली है।
