Banda News: वादाखिलाफी के खिलाफ AAP का प्रदर्शन, कलेक्ट्रेट में राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा
बांदा में आम आदमी पार्टी ने किया प्रदर्शन।
बांदा में वादाखिलाफी के खिलाफ आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने कहा कि सस्ती बिजली का वादा किया था। अब दाम बढ़ा रहे। कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन बाद जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा।
बांदा, अमृत विचार। भाजपा ने विधानसभा चुनाव से पहले अपने घोषणापत्र में घरेलू बिजली दर को कम करने और किसानों को मुफ्त बिजली का वादा किया था। इसके विपरीत योगी सरकार ने हाल ही में बिजली के दाम बढ़ाने की सिफारिश की है, जिसको लेकर आम आदमी पार्टी ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन किया और राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा।
आम जनता बिजली के बढ़े बिलों को लेकर काफी परेशान है। बीते वर्ष हुए विधानसभा के चुनाव से पहले भाजपा ने अपने चुनावी घोषणापत्र में वादा किया था कि यदि सूबे में दोबारा भाजपा की सरकार सत्ता में आई तो घरेलू बिजली के दामों को कम कर आम जनता को राहत दी जायेगी। साथ ही पार्टी ने किसानों को भी मुफ्त बिजली मुहैया करवाने की बात कही थी। इसके विपरीत सरकार ने हाल ही में 23 फीसद बिजली की दरों को बढ़ाने की सिफारिश की है।
इससे जनता पर अतिरिक्त आर्थिक दबाव पड़ेगा। आप ने ज्ञापन में यह भी स्पष्ट किया कि बिजली के दाम बढ़ाने की सिफारिश योगी सरकार ने तब की है, जब देश में 30 फीसद कोयले का उत्पादन बढ़ा है। राज्य सरकार ने आम जनता के साथ ही किसानों के साथ वादाखिलाफी की है। आप ने राज्यपाल से मांग की है कि इस मामले में हस्तक्षेप करते हुए आम जनता को सस्ती और किसानों को मुफ्त बिजली उपलब्ध कराई जाये।
इस मौके पर आम आदमी पार्टी के सचिव अवधेश कुमार गुप्ता, पुष्पेंद्र सिंह चुनाले, अनुभव सिंह कछवाह, विवेकराज सिंह, जितेंद्र कुमार, संतोष कुमार गुप्ता, शिवशंकर, विजय कुमार गुप्ता, राजेश कुशवाहा, बबली, शिवदास आदि मौजूद रहे।
