मुरादाबाद : व्यापारी वर्ग को जीएसटी में छूट की उम्मीद, अधिवक्ता बोले- सरकार उनकी समस्याओं का भी रखे ध्यान

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

व्यापारियों को वेतन भोगी और मध्यम वर्ग को आयकर टैक्स लिमिट में बढ़ोतरी की उम्मीद

मुरादाबाद, अमृत विचार। केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण आज आम बजट पेश करेंगी। बजट से समाज के हर वर्ग ने उम्मीद लगा रखी है। व्यापारियों को जीएसटी में छूट की उम्मीद है तो अधिवक्ताओं को आयकर में छूट, चिकित्सा सुविधा, पेंशन आदि की आस है। मध्यम वर्ग दवा व इलाज सस्ता होने की उम्मीद लगाए बैठा है। बजट में पीतल कारोबारियों को कच्चा माल सस्ता होने तो जनता को रसोई गैस, चीनी-दाल के सस्ता होने की उम्मीद है। वेतन भोगी तथा मध्यम वर्ग को बजट से काफी उम्मीदें हैं।

उम्मीदें लगाई जा रही हैं कि नए बजट 2023 में मध्यम वर्ग पर टैक्स का भार कम हो सकता है। वित्त मंत्री ने भी कहा है कि वह मध्यम वर्ग की परेशानी समझती हैं और सरकार उनके लिए जरूर काम करेगी। महंगाई के दौर में वस्तुओं की कीमत लगातार बढ़ रही है, लेकिन लोगों की आय में बढ़ोतरी मुश्किल से हो रही है। उम्मीद लगाई जा रही है कि इनकम पर ढाई लाख की छूट को बढ़ाकर पांच लाख किया जा सकता है।

टैक्स स्लैब में छूट मिले। इससे व्यापारियों को राहत मिलेगी। व्यापार में भी उन्नति होगी। कच्चे माल में भी छूट मिलनी चाहिए। टैक्स रिर्टन की व्यवस्था आसान की जाए। अब मुरादाबाद स्मार्ट सिटी में आ चुका है। बजट में सड़कों का भी ध्यान रखा जाए। - संदीप शर्मा, व्यापारी।

संदीप शर्मा।

बजट में आयकर के टैक्स के स्लैब को बढ़ाया जाए। पीतल कारोबारियों के लिए विशेष पैकेज मिले, जिससे कच्चे माल आसानी से उपलब्ध हो सके। कोरोना में व्यापार काफी पिछड़ गया था। टैक्स में सुविधाएं मिलनी चाहिए। - मनोज कुमार अग्रवाल, पूर्व अध्यक्ष, युवा बर्तन व्यापार मंडल

मनोज कुमार अग्रवाल।

व्यापारियों को इस बार बहुत अच्छे बजट की उम्मीद है। कोरोना काल में व्यापारी परेशान रहे हैं। पीतल का यहां से आयात निर्यात होता है। सिल्लियों के दाम कम होने चाहिए, ताकि हम आगे कारोबार कर सके। सीट के दाम भी कम होने चाहिए । उसे गला कर माल बना सस्ता बेच सकें। व्यापारी वर्ग बजट को लेकर काफी उत्साहित है। - विपिन गुप्ता, कारोबारी

विपिन गुप्ता।

बजट में सरकार अधिवक्ताओं के हितों का विशेष ध्यान रखे। अधिवक्ताओं के लिए आवासीय कालोनी का बजट में प्रावधान होना चाहिए। वकीलों के चैंबर के बिजली का खर्च भी सरकार के बजट में होना चाहिए। अधिवक्ता भी सरकार की मंशा पर ही काम करते हैं। प्रत्येक अधिवक्ता के लिए बजट में मेडिक्लेम की व्यवस्था की जाए। - वैभव अग्रवाल, अधिवक्ता

वैभव अग्रवाल।

इस बजट में व्यापारियों को जीएसटी में छूट मिलने की उम्मीद है। कोरोना की मार से व्यापारियों की कमर टूट चुकी है। बजट ऐसा होना चाहिए जिसमें जनता को महंगाई से राहत मिल सके। - दीपक कत्याल, महानगर अध्यक्ष, भारतीय उद्योग व्यापार मंडल

दीपक कत्याल।

आयकर में कम से कम सात लाख की छूट होनी चाहिए। दवाओं पर टैक्स कम किया जाए। पोस्ट ग्रेजुएट कर चुके युवाओं को कम ब्याज पर ऋण मिलना चाहिए। बजट में इलाज का भी ध्यान रखा जाए। - दीपक अग्रवाल, कारोबारी

दीपक अग्रवाल।

बजट-2023 में वेतन भोगी वर्ग स्टैंडर्ड डिटेक्शन में बढ़ोतरी की उम्मीद कर रहे हैं। ऐसा होता है तो वेतन भोगी वर्ग पर इनकम टैक्स का दबाव कम होगा। उम्मीद लगाई जा रही है कि 50 हजार रुपये की लिमिट को बढ़ाकर एक लाख रुपये किया जा सकता है। - गौरव गुप्ता एडवोकेट, जीएसटी एंड इनकम टैक्स

गौरव गुप्ता, अधिवक्ता।

अखिल भारतीय अंबेडकर युवक संघ के पदाधिकारियों ने आने वाले बजट पर चर्चा की। राष्ट्रीय अध्यक्ष महावीर प्रसाद मौर्य ने कहा कि जो सरकारें शिक्षा को अहम तवज्जो देती हैं, उस देश के विकास को कोई नहीं रोक सकता। मेरी सरकार से अपील है कि शिक्षा का बजट बहुत अच्छा होना चाहिए। तभी हमारे देश की तरक्की हो सकती है । - महावीर प्रसाद मौर्य, राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिल भारतीय अंबेडकर युवक संघ मुख्यालय

mp morya

ये भी पढे़ं :  मुरादाबाद : कर्मचारियों को आयकर में छूट की आस, बोले- वित्त मंत्री करें कृपा तो बनें बात

 

संबंधित समाचार