रायबरेली: तालाब के किनारे मृत मिला सारस, एक गंभीर, जहर देकर मारने का आरोप

रायबरेली: तालाब के किनारे मृत मिला सारस, एक गंभीर, जहर देकर मारने का आरोप

अमृत विचार, खीरों, रायबरेली। कस्बे में तालाब के किनारे एक सारस पक्षी मृत अवस्था में मिला है, जबकि दूसरा अचेत है। मामले में जहर देकर दुर्लभ पक्षियों को मारने का आरोप लगाया गया है। मौके पर पहुंचे वन विभाग और पशु चिकित्सा के अधिकारियों ने पक्षी के शव को कब्जे में ले लिया है। फॉरेंसिक टीम ने भी मौके से कुछ नमूने एकत्र किए हैं।

कस्बे के अंदर स्थित एक तालाब के किनारे गुरुवार की सुबह दुर्लभ सारस पक्षी मृत अवस्था में मिला है। पास ही एक अन्य सारस पक्षी गंभीर अवस्था में अचेत मिला है। सारस पक्षी मृत मिलने के बाद स्थानीय लोगों ने इन्हें जहर देकर मारने का आरोप लगाया है। उसके बाद प्रशासनिक अमले में हड़कंप मच गया।

बताया जा रहा है कि यह तालाब मत्स्य पालन के लिए आवंटित किया गया था। जिसमें कस्बे का एक व्यक्ति मछली पाले हुए हैं। इसी व्यक्ति पर जहर देकर पक्षियों को मारने का आरोप लगा है। आरोप के बाद मौके पर पहुंचे वन विभाग एवं पशु चिकित्सा विभाग के अधिकारियों ने पक्षी के शव को कब्जे में लिया है। अचेत सारस पक्षी का इलाज भी किया जा रहा है। मौके पर पहुंची फॉरेंसिक टीम ने भी कुछ नमूने एकत्र किए हैं। पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ पंकज पटेल ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद पक्षी के मौत का कारण स्पष्ट हो पाएगा। फिलहाल पक्षी के शव को कब्जे में लेकर परीक्षण के लिए भेजा गया है।

ये भी पढ़ें:- अयोध्या: किसानों ने लड्डू बांट कर जताया बजट का अनोखा विरोध