काशीपुरः 25 करोड़ की लागत से बनेंगे दो नए बिजलीघर

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

काशीपुर, अमृत विचार। बिजली की आंख मिचौली और ओवरलोड की समस्याओं से उपभोक्ताओं को शीघ्र निजात मिलने की उम्मीद है। इसके लिए ऊर्जा निगम करीब 25 करोड़ की लागत से दो बिजलीघर बनाने जा रहा है। निविदा के बाद शीघ्र ही निर्माण कार्य होने की संभावना है।

दरअसल, मानपुर, पक्का कोट, आवास विकास 20 नंबर, एनडी नगर, प्रतापपुर, डिग्री कॉलेज के सामने, कुंडेश्वरी, महुआ खेड़ा के 9 बिजलीघरों से शहर और ग्रामीण क्षेत्र को आपूर्ति मुहैया होती है। दिन प्रतिदिन आबादी बढ़ती जा रही है। इससे बरसात में बिजली घरों पर लोड बढ़ जाता है। जिससे बिजलीघर, लाइनों में फॉल्ट होने लगते हैं। इससे उपभोक्ताओं को बिजली की आंख मिचौली, ओवरलोड की समस्या से जूझना पड़ता है। 

सबसे अधिक आवास विकास 20 नंबर बिजली घर और पक्का कोट पर लोड अधिक रहता है। जिसका संज्ञान लेकर विभाग ने पिछले साल रिवैंप योजना के तहत दो नए बिजलीघर बनाने का प्रस्ताव तैयार कर मुख्यालय भेजा था। हाल ही में विभाग को नगर निगम परिसर में 10 एमवीए का एक बिजली घर और मुरादाबाद रोड पेयजल निगम परिसर में 20 एमबीए का नया बिजली घर बनाने के प्रस्ताव पर मोहर लग गई। इनके निर्माण में 33 केवी और 11 केवी की नई बिजली लाइन खींचने समेत विभिन्न कार्य किए जाएंगे। निविदा के बाद बिजली घरों का निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा। साथ ही बिजली घरों की संख्या 11 हो जाएगी।

बरसात में ओवरलोड चलते हैं बिजलीघर

काशीपुर। पक्का कोट और आवास विकास बीस नंबर बिजली से मुख्य बाजार, अल्ली खां, काली बस्ती, पक्का कोट, कानूनगोयान, गौतम नगर, ढेला बस्ती, लक्ष्मीपुर पट्टी आदि स्थानों को आपूर्ति होती है। बरसात में दोनों बिजलीघरों पर लोड बढ़ने से ओवरलोड चलते हैं। इससे उपभोक्ता बिजली लाइन में फॉल्ट, केबल फुंकने, तार टूटने, लो वोल्टेज आदि समस्याओं से जूझते रहते हैं।

उपभोक्ताओं को मिलेगी  राहत


नगर निगम परिसर 10 एमवीए और जल निगम परिसर में 20 एमबीए के दो नए बिजली घर निर्माण की स्वीकृति मिल गई है। इसमें करीब 25 करोड़ रुपये खर्च की होने की उम्मीद है। दोनों बिजलीघर बनने से पक्का कोट और आवास विकास 20 नंबर बिजलीघर का लोड कम हो जाएगा और उपभोक्ताओं को राहत मिलेगी- अनिल वर्मा, अधीक्षण अभियंता, ऊर्जा निगम, काशीपुर । 

संबंधित समाचार