बरेली: चार वर्ष तक महिला से दुष्कर्म करता रहा मुख्य आरक्षी, पीड़िता ने लगाई SSP से न्याय की गुहार
फतेहगंज पूर्वी थाने में तैनात था मुख्य आरक्षी
बरेली, अमृत विचार। खाकी के दामन पर एक बार फिर से बदनुमा दाग लगा है। इस बार एक महिला ने फतेहगंज पूर्वी थाने में चार वर्ष पूर्व तैनात रह चुके मुख्य आरक्षी पर दुष्कर्म का आरोप लगाया है। महिला ने एसएसपी को दिए शिकायती पत्र में बताया कि उसके पति की मृत्यु हो चुकी है। आरक्षी ने स्वयं को कुंवारा बताते हुए उसे प्रेमजाल में फांस लिया और वर्षों तक दुष्कर्म करता रहा। एसएसपी ने मामले की जांच कराने की बात कही है।
बारादरी थाना क्षेत्र में रहने वाली महिला ने बताया कि उसके पति की 2017 में मौत हो चुकी है। चार वर्ष पहले उसकी जान पहचान फतेहगंज पूर्वी थाने में तैनात मुख्य आरक्षी से हो गई थी। मुख्य आरक्षी मूल रूप से हरदोई जिले के एक गांव का रहने वाला है। मुख्य आरक्षी ने महिला को बताया कि वह कुंवारा है। महिला ने बताया कि उसने उसे अपनी बातों में फंसा लिया और उसके घर पर आने लगा। एक दिन मुख्य आरक्षी ने शराब पीकर जबरन उसके साथ दुष्कर्म किया। जब उसने विरोध किया तो आरोपी ने मंदिर में उसकी मांग में सिंदूर भर कर शादी करने का नाटक किया।
पीड़िता ने बताया कि एक दिन उसे पता चला कि आरोपी की शादी पहले ही हो चुकी है और उसके दो बच्चे हैं। जिस पर उसने आरोपी से संबंध तोड़ दिए। महिला ने बताया कि 23 जनवरी को आरोपी एक सफेदपोश नेता के साथ जबरन उसके घर रिवाल्वर लेकर घुस आया और उसे व उसके बेटे को जान से मारने की धमकी देने लगा। महिला ने एसएसपी से शिकायत कर आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने की मांग की है।
ये भी पढ़ें- बरेली: 1 करोड़ 26 लाख की लागत से बनेगा मुख्य अभियंता का कार्यालय
