बरेली: बीकॉम द्वितीय सेमेस्टर का परिणाम जारी, 2400 छात्रों का अटका 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

महाविद्यालयों की ओर से अंक न भेजने की वजह से कॉलेज के सभी छात्रों का परिणाम रोका गया

बरेली, अमृत विचार। एमजेपी रुहेलखंड विश्वविद्यालय की बार-बार चेतावनी के बाद भी कई महाविद्यालयों ने छात्रों के आंतरिक, प्रयोगात्मक और व्यावसायिक पाठ्यक्रमों की परीक्षाओं के अंक नहीं भेजे। ऐसे में जब गुरुवार को विश्वविद्यालय ने बीकॉम प्रथम वर्ष के द्वितीय सेमेस्टर की परीक्षा का परिणाम जारी किया तो करीब 2400 छात्रों का परिणाम अटक गया। इनमें वे छात्र भी शामिल हैं, जिन्होंने परीक्षाएं दी हैं लेकिन महाविद्यालयों ने कुछ छात्रों के अंकों की वजह से उनके भी अंक नहीं भेजे। 

अब इन छात्रों का परिणाम महाविद्यालयों के द्वारा अंक भेजने के बाद ही वेबसाइट पर अपडेट किया जाएगा। विश्वविद्यालय जल्द ही बीएससी द्वितीय सेमेस्टर के परिणाम जारी करेगा। इसके बाद बीए द्वितीय सेमेस्टर का भी परिणाम जारी किया जाएगा। इनके परिणाम तैयार किए जा रहे हैं।

स्नातक द्वितीय सेमेस्टर की परीक्षाएं 17 नवंबर से शुरू हुई थीं। परीक्षाएं दिसंबर तक चलीं। परीक्षाएं ओएमआर शीट पर कराईं गईं ताकि परिणाम जल्द आ जाएं। इन परीक्षाओं से पहले विश्वविद्यालय ने महाविद्यालयों को आंतरिक, प्रयोगात्मक और व्यावसायिक परीक्षाओं के अंक वेबसाइट पर अपलोड करने के निर्देश दिए थे। इसके बाद कई बार रिमाइंडर दिए गए। परीक्षा के बाद भी अंक अपलोड करने का मौका दिया गया। 12 जनवरी को विश्वविद्यालय ने महाविद्यालयों को नोटिस जारी किया, जिसमें एक सूची जारी की गई। इसमें 262 महाविद्यालयों ने स्नातक द्वितीय सेमेस्टर के 21,680 छात्रों के अंक अपलोड नहीं किए गए थे। 

इसके बाद विश्वविद्यालय ने 20 जनवरी से 26 जनवरी तक महाविद्यालयों को अंक अपलोड करने का एक और मौका दिया लेकिन इसके बाद भी अंक अपलोड नहीं किए गए। ऐसे में अब गुरुवार को विश्वविद्यालय ने बीकॉम द्वितीय सेमेस्टर का परिणाम जारी कर दिया। विश्वविद्यालय ने 9400 छात्रों का परिणाम तैयार किया लेकिन सिर्फ 6500 का ही परिणाम जारी किया, करीब 2400 छात्रों का परिणाम अंक अपलोड न होने की वजह से रोक दिया गया है।

ये भी पढ़ें- बरेली: 1 करोड़ 26 लाख की लागत से बनेगा मुख्य अभियंता का कार्यालय

संबंधित समाचार