बरेली: चौथे चक्र में भाजपा के जयपाल सिंह व्यस्त ने ली 26694 वोटों की निर्णायक बढ़त, आज घोषित हो पाएगा अंतिम परिणाम
एमएलसी चुनाव : रात 12 बजे आया चौथे चक्र का परिणाम, सपा के शिवप्रताप 11402 वोट लेकर दूसरे नंबर पर
बरेली, अमृत विचार। बरेली-मुरादाबाद खंड स्नातक क्षेत्र के चुनाव की मतगणना का रात करीब 12 बजे चौथा चक्र पूरा हुआ। इस समय तक भाजपा के प्रत्याशी डॉ. जयपाल सिंह व्यस्त ने नजदीकी सपा प्रत्याशी शिव प्रताप सिंह के मुकाबले 26694 वोटों की निर्णायक बढ़त ले ली थी। इससे पहले शुरुआती कामकाज के बाद मतों की गिनती बृहस्पतिवार शाम 5:20 बजे शुरू हो पाई। रात आठ बजे पहले चक्र का परिणाम आया। सात चक्रों की मतगणना शुक्रवार सुबह तक पूरी होने की उम्मीद है।
परसाखेड़ा बेयर हाउस में बृहस्पतिवार सुबह आठ बजे मंडलायुक्त संयुक्ता समद्दार और डीएम शिवाकांत द्विवेदी की निगरानी में मतगणना के लिए काम शुरू हुआ। कुल 91 हजार 948 वोटों की गिनती की 14 टेबल पर व्यवस्था की गई थी। मतपेटियों से निकालने के बाद 50-50 मतपत्रों की गड्डियां बनाई गईं। शाम सवा पांच बजे के बाद मतों की गिनती शुरू होते ही भाजपा प्रत्याशी और उनके समर्थकों के चेहरों पर खुशी झलकनी शुरू हो गई। चुनाव में 10 प्रत्याशी खड़े हैं लेकिन पहले चरण के रुझान ने ही शेष को लड़ाई से बाहर कर दिया।
पहले चक्र में भाजपा के जयपाल सिंह व्यस्त को 8578 और सपा प्रत्याशी शिव प्रताप सिंह यादव को 3791 वोट मिले। जयपाल सिंह ने 4787 मतों की बढ़त ली। दूसरे चक्र में भाजपा को 8863 और सपा को 3743 वोट मिले। तीसरे चक्र में भी बढ़त बनी रही। भाजपा प्रत्याशी को 9588 और सपा को 2620 वोट मिले। तीसरे चक्र के बाद भाजपा प्रत्याशी 16875 वोट से आगे हो गए। रात करीब 12 बजे चौथे चक्र की मतगणना पूरी होने के बाद यह बढ़त 26694 वोटों की हो गई। इस चक्र तक भाजपा 38096 और सपा 11402 वोटो तक पहुंच गई।
वैध-अवैध मतों पर सपा और भाजपा समर्थकों में तकरार
मतगणना शुरु होने के कुछ देर बाद ही विभिन्न मेजों पर मतों को वैध और अवैध करने पर सपा और भाजपा समर्थकों का मतगणना कार्मिकों से विवाद होने लगा। अपर आयुक्त प्रशासन और एडीएम सिटी ने मामला शांत कराया। इसके बाद मेज नंबर दो पर फिर विवाद होने लगा। यहां प्रथम वरीयता के आगे निशान पर सपा के गौरव सक्सेना ने आपत्ति दर्ज कराई। यहां मामला शांत हुआ तो मेज नंबर 6 और 8 में प्रत्याशी के फोटो के सामने निशान न लगने पर विवाद हो गया। मेज नंबर 14 पर भी सपा के शिव प्रताप सिंह और भाजपा समर्थकों में तकरार हुई। एडीएम ने विवाद वाले मतों को अलग रखवाकर आरओ के फैसला करने की बात कहकर मामला शांत किया। मतगणना के दौरान एसएसपी अखिलेश चौरसिया और आब्जर्वर अनामिका सिंह मौजूद रहीं।
हैं पढ़े-लिखे मगर ठीक से वोट नहीं डाल पाए
शिक्षित लोगों के इस चुनाव में निरस्त वोटों की संख्या ने कई सवाल खड़े किए। चौथे चक्र तक अवैध मतों की संख्या 4003 पहुंच चुकी थी। अवैध मतों की इतनी संख्या कई बार विवाद का कारण भी बनी। शाम को शुरुआत में ही मेज नंबर दो पर मतपत्र में प्रथम वरीयता लिखने पर विवाद हो गया। इस मेज पर सबसे ज्यादा 93 अवैध मत निकले। बाकी मेजों पर अवैध मतों की संख्या 50 से ज्यादा थी। इस चक्र में 994 वोट अवैध निकले। दूसरे चक्र में मेज 5 पर सबसे ज्यादा 90 मत अस्वीकृत हुए। इस चक्र में 911 मत बेकार गए। तीसरे चक्र में भी 1018 मत बेकार हुए। मेज नंबर 5 पर ही 108 मत थे। चौथे चक्र तक यह संख्या बढ़कर 4003 पहुंच गई।
ये भी पढ़ें- बरेली: यूनीसेफ की मॉनिटरिंग में खुलासा, 90 प्रतिशत केंद्रों पर एचआईवी स्क्रीनिंग किट ही नहीं
