Unnao Road Accident: आगरा एक्सप्रेसवे पर भीषण सड़क हादसा, सात लोगों की मौत
उन्नाव। यूपी के उन्नाव में लखनऊ आगरा एक्सप्रेसवे पर औरास थाना अंतर्गत शुक्रवार दोपहर भीषण सड़क हादसा हुआ। आगरा से लखनऊ की ओर जा रही कार टायर फटने से बेकाबू होकर पलटती हुई दूसरी लेन में चली गयी और उधर से आ रही एक अन्य कार से जा भिड़ी।
हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस व यूपीडा की रेस्क्यू टीम ने एक कार सवार महिलाओं बच्चों समेत आठ लोगों को स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। जिनमें पांच की यहां ही मौत हो गयी जबकि दो को गंभीर हालत में ट्रामा सेंटर रेफर किया गया है जिन्होंने वहां पर इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। हादसे में मात्र एक ही बच्चा बच सका।

बता दें कि बाराबंकी के चित्रगुप्त नगर निवासी दिनेश कुमार बीते सोमवार अपने परिवार और रिश्तेदारों के साथ आगरा का ताजमहल देखने गए थे। एक्सप्रेस वे के रास्ते वापस लौटते समय उनकी कार औरास थाना क्षेत्र में लोधाटीकुर गांव के पास शुक्रवार दोपहर हादसे का शिकार हो गई। टायर फटने से बेकाबू होकर कार पलटते हुए दूसरी लेन में चली गयी और उधर से आ रही दूसरी कार से टकरा गई।
हादसे की सूचना पर पुलिस व यूपीडा की रेस्क्यू टीम ने सभी घायलों को औरास स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। जहां एक कार सवार दिनेश कुमार (35), उसकी पत्नी अनीता (32), बेटी गौरी (7), बहराइच के भैया पुरवा मुस्तफा बाद निवासी साली प्रीति (15) व और सास कान्ती सिंह को मृत घोषित कर दिया गया। मृतक दिनेश के दो बेटों लक्ष्यवीर (10) व आर्यन (4) और साली प्रिया (9) को गंभीर हालत में ट्रामा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया गया है।
जहां पर आर्यन और प्रिया की भी मौत हो गई। दूसरी कार पर सवार लखनऊ के बुलाकी अड्डा निवासी पेंट कारोबारी सुभाष अग्रवाल, उसकी पत्नी शीला, बच्चे पूजा, आध्या, प्रिशा व अनमोल सभी बाल बाल बच गए। उसका परिवार बांके बिहारी के दर्शन करने मथुरा वृंदावन जा रहा था।
हादसे की सूचना मिलते ही डीएम अपूर्वा दुबे ने एसपी सिद्धार्थ शंकर मीना के साथ घटनास्थल पहुंच कर राहत व बचाव कार्यों का जायजा लिया। पुलिस ने मृतकों के परिजनों से संपर्क कर घटना की जानकारी देते हुए शवों को मोर्चरी भिजवाया। हादसे की जानकारी पर सीएम योगी आदित्यनाथ ने भी ट्वीट कर दुख जताया है और मृतकों की आत्मा की शांति के साथ ही घायलों के जल्द स्वास्थ्य लाभ की कामना की है।
यह भी पढ़ें:-Unnao Accident : Lucknow Agra Expressway पर टायर फटने से बेकाबू कार दूसरी कार से टकराई, पांच की मौत
