Kanpur : USA के नागरिक को ट्रेन में कोच अटेडेंट ने लूटा था, RPF और GRP ने घेर कर दो को पकड़ा, तीसरा फरार
कानपुर में विदेशी नागरिक से लूट के आरोपी दो कोच अटेडेंट गिरफ्तार।
कानपुर में यूएसए के नागरिक को ट्रेन में कोच अटेडेंट ने लूट ली था। सूचना पाकर जीआरपी और आरपीएफ पुलिस ने दो कोच अटेडेंट को गिरफ्तार कर लिया। जबकि तीसरा 5500 रुपये नगदी लेकर फरार हो गया।
कानपुर, अमृत विचार। जयनगर से नई दिल्ली जा रही (12561) स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस के एसी थ्री कोच में सफर कर रहे यूएसए के नागरिक फेरीडून नैवी का ट्रेन के ही कोच अटेडेंट ने डालर,नगदी और लखनऊ से पुणे का एय़र टिकट मौका पाकर पार कर दिया। फेरीडून ने प्रयागराज से चढ़े टीटीई को सूचना दी। जिस पर टीटीई ने कंट्रोल को मैसेज कर किया। सेंट्रल पहुंची ट्रेन जैसे ही प्लेटफार्म नंबर दो पर आकर रुकी तो आरपीएफ और जीआरपी की टीम ने कोच को घेर लिया।
विदेशी नागरिक की निशानदेही पर कोच अटेडेंट को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो चोरी किए गए 1960 डॉलर और 15000 भारतीय मुद्रा में से 9500 रुपये दो अटेडेंट के पास से बरामद हुई, जबकि तीसरा भाग निकला। जीआरपी ने अटेडेंट के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। जीआरपी ने दोनों आरोपियों को अदालत के समक्ष पेश किया गया तो अदालत ने दोनों को 14 दिनों के लिए न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
नेपाल के काठमांडू से घूमकर जयनगर स्टेशन पर 3495 लेक साइड नेवादा, यूएसए निवासी फेरीडून नैवी पहुंचे। टिकट कनफर्म ना होने की वजह से कानपुर जाने के लिए प्लेटफार्म पर खड़ी स्वतंत्रता सेनानी के एसी थ्री कूपे के कोच अटेडेंट मोहम्मद जीदान से बर्थ दिलाने की बात की। जीदान ने ट्रेन के टीटीई से बात की तो 2500 रुपये में सौदा तय हुआ और इतने रुपये जीदान को दे दिए। इसके बाद रास्ते में दो टीटीई को तीन-तीन सौ रुपये जीदान ने और दिलाए।
ट्रेन के बी-6 कूपे में टीटीई ने अपनी सीट पर बिठा लिया था। प्रयागराज पहुंचने के पहले ट्रेन में झपकी आ गई तो पर्स पार हो गया। इसकी सूचना प्रयागराज से चढ़े टीटीई को दी। ट्रेन के प्रयागराज से कानपुर के लिए चल दी थी जिस पर टीटीई ने कंट्रोल के जरिए सूचना कानपुर सेंट्रल को दी। पुलिस ने विदेशी नागरिक की निशानदेही पर कोच अटेडेंट जीदान को पकड़ा तो उसने दो और साथी के नाम बताए पर एक साथी समीर तो मौका पाकर भाग गया, जबकि दूसरा पकड़ लिया गया।
