देशभर में कोरोना के रिकॉर्ड 7.19 लाख से अधिक नमूनों की जांच
नई दिल्ली। कोरोना वायरस कोविड-19 के संक्रमण का पता लगाने के लिए देश में पहली बार एक दिन में सात लाख से अधिक नमूनों की जांच की गयी है। भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) की ओर से रविवार को जारी आंकड़ों के मुताबिक 08 अगस्त को देशभर में रिकॉर्ड 7,19,364 नमूनों की जांच की गयी …
नई दिल्ली। कोरोना वायरस कोविड-19 के संक्रमण का पता लगाने के लिए देश में पहली बार एक दिन में सात लाख से अधिक नमूनों की जांच की गयी है। भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) की ओर से रविवार को जारी आंकड़ों के मुताबिक 08 अगस्त को देशभर में रिकॉर्ड 7,19,364 नमूनों की जांच की गयी और इसके साथ ही अब तक जांच किये गये नमूनों की कुल संख्या 2,41,06,535 हो गयी है।
इस बीच देश में कोरोना परीक्षण लैब की संख्या बढ़कर 1,402 हो गयी है। पिछले 24 घंटे में कोरोना संक्रमण के 64,399 नये मामले सामने आने से अब तक संक्रमण के शिकार हुए व्यक्तियों की संख्या बढ़कर 21,53,010 हो गयी है हालांकि 08 अगस्त को 53,879 संक्रमितों के रोगमुक्त होने और 861 मरीजों की माैत से संक्रमण के सक्रिय मामलों में 9,659 की तेजी आयी है। देश भर में इस समय संक्रमण के 6,28,747 सक्रिय मामले हैं।
देश में कोरोना रिकवरी दर 68.78 प्रतिशत
देश भर में पिछले 24 घंटे में 53,879 कोरोना संक्रमितों के रोगमुक्त होने से कोरोना रिकवरी दर बढ़कर रिकॉर्ड 68.78 प्रतिशत हो गयी है। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ने रविवार को कहा कि लॉकडाउन के शुरूआत के समय से अब तक कोरोना रिकवरी दर में काफी सुधार हुआ है।
देश में कोरोना रिकवरी दर 25 मार्च को 7.10 प्रतिशत थी और अब तेजी से बढ़कर 68.78 प्रतिशत पर पहुंच गयी है। मंत्रालय की ओर से आज जारी आंकड़ों के मुताबिक देशभर में 08 अगस्त को कुल 53,879 कोरोना संक्रमित ठीक हुए, जिससे रिकवरी दर बढ़कर 68.78 प्रतिशत हो गयी है। इस तरह अब तक पूरे देश में 14,80, 884 कोरोना संक्रमित रोगमुक्त हो चुके हैं।
पिछले 24 घंटे के दौरान देश में संक्रमण के 64,399 नये मामले सामने आये लेकिन इसी अवधि में 53,879 संक्रमित रोगमुक्त हुए और 861 मरीजों की मौत भी हुई जिससे देश में कोरोना के सक्रिय मामले में मात्र 9,659 की बढ़ोतरी हुई और यह आंकड़ा बढ़कर 6,28,747 हो गया।
