Kanpur News: SP MLA Irfan Solanki और साथियों की 200 करोड़ की संपत्ति जब्त होगी, अरबों की संपत्ति के मालिक विधायक
कानपुर में सपा विधायक इरफान सोलंकी और उसके साथियों की संपत्ति जब्त होगी।
कानपुर में सपा विधायक इरफान सोलंकी और उसके साथियों की संपत्ति जब्त होगी। मंगलवार से संपत्तियों को अटैच करने की कवायद शुरू की जाएगी। प्रशासन ने करोड़ों संपत्ति चिह्नित कर ली।
कानपुर, अमृत विचार। विधायक इरफान सोलंकी व उनके सहयोगियों पर पुलिस कड़ा शिकंजा कसते हुए अगले सप्ताह मंगलवार से प्रभावी कार्रवाई करते हुए गैंगस्टर एक्ट के तहत बेनामी संपत्तियों के जब्तीकरण की कार्रवाई की शुरुआत करने जा रही है। इसको लेकर सारी तैयारियां पूरी कर ली गईं हैं। संयुक्त पुलिस आयुक्त आनंद प्रकाश तिवारी ने बताया कि विधायक और उनके भाई रिजवान सोलंकी, शौकत अली पहलवान, हिस्ट्रीशीटर इजराइल आटे वाला और मोहम्मद शरीफ समेत पांच पर गैंगस्टर एक्ट की कार्रवाई की गई थी।
इसकी जांच वर्तमान में थाना फीलखाना इंस्पेक्टर कर रहे हैं। सपा विधायक और उनके साथियों द्वारा जो 200 करोड़ की संपत्ति चिन्हित की गई है, उसे गैंगस्टर एक्ट के तहत जब्तीकरण की कार्रवाई शुरू की जा रही है। उन्होंने बताया विधायक और उनके सहयोगी गलत तरीके से संपत्तियां अर्जित किए थे।
जेसीपी आनंद प्रकाश तिवारी ने बताया कि आगे की कार्रवाई करने के लिए नगर निगम और केडीए के दस्तावेजों की जांच कर ली गई है। कुछ दस्तावेज और पूरे करने हैं, जिसमें विधायक इरफान सोलंकी और जिन अन्य चार लोगों पर गैंगस्टर लगाया गया है, उन्होंने अवैध रूप से संपत्ति बनाई है। बताया कि प्रॉपर्टी का मूल्यांकन किया जा रहा है। करीब 150 से 200 करोड़ रुपये की संपत्तियों का आंकलन किया गया है। अगले हफ्ते से 14/ए के तहत संपत्ति जब्त करने की कार्रवाई पुलिस शुरू करेगी।
कानपुर से लेकर मुंबई तक अरबों की संपत्ति पुलिस की जांच में सामने आई है। बताया कि बेनामी संपत्तियों की भी लिस्ट लंबी-चौड़ी है। जो दूसरे के नाम पर खरीदी गई है। गैंगस्टर एक्ट के तहत इन संपत्तियों को अटैच किया जाएगा। कानपुर, उन्नाव से लेकर मुंबई तक इरफान की संपत्तियां सामने आई हैं। वहीं आगजनी में आरोपी हाजी अज्जन जमीन खरीदने बेचने का कार्य करता रहा है। उनकी भी भूमिका की जांच की जा रही है, अगर कुछ सामने आता है, तो कार्रवाई की जाएगी।
अरबों की संपत्ति के मालिक हैं इरफान
विधायक इरफान सोलंकी पर नजीर फातिमा के घर फूंकने के मामले के बाद से गैंगस्टर एक्ट समेत आठ मुकदमे दर्ज किए थे, इसमें दो में चार्जशीट दाखिल हो गई है। छह मामलों में चार्जशीट अंतिम पड़ाव में है। पुलिस 10 फरवरी तक उन मामलों में भी चार्जशीट दाखिल कर देगी। पुलिस सूत्रों ने बताया कि इरफान के भाई रिजवान भी करोड़ों की बेनामी संपत्ति का मालिक है। उसके पास भी कानपुर से लेकर उन्नाव तक करोड़ों की संपत्ति है। रिजवान उन्नाव का भूमाफिया है। इसके साथ ही गैंग में शामिल सपा नेत्री के पिता शौकत पहलवान ने भी अवैध तरीके से करोड़ों की संपत्ति अर्जित की है। पुलिस जांच में सामने आया है, कि इरफान की संपत्ति में बहुत तेजी से इजाफा हुआ है। इरफान की चार विधानसभाओं में घोषित संपत्ति का विवरण जांचने से साफ हो गया कि इरफान रातों-रात अरबों के मालिक बन गए। कुछ लोग सूचनाएं दे रहे हैं। इरफान और उनके साथियों की बेनामी संपत्तियों की जानकारी लोग उनके सीयूजी नंबर पर दे सकते हैं। जो विवेचक हैं, जाजमऊ और कर्नलगंज थाना प्रभारियों को भी सूचना दे सकते हैं। उनके नाम गोपनीय रखे जाएंगे।
इरफान व उनके सहयोगियों की बेनामी संपत्तियों पर अगला सप्ताह से 14 ए के तहत कार्रवाई शुरू की जाएगी।- आनंद प्रकाश तिवारी, संयुक्त पुलिस आयुक्त
