रायबरेली: तिलक चढ़ाकर लौट रही बोलेरो डंपर से टकराई, तीन लोगों की मौत, दो की हालत गंभीर
रायबरेली, अमृत विचार। लखीमपुर-खीरी जनपद से तिलक चढ़ा कर अपने घर फतेहपुर लौट रही बोलेरो जीप बहराइच बांदा राजमार्ग पर एक डंपर से टकरा गई। जिससे बोलेरो सवार तीन लोगों की मौके पर मौत हो गई है। जबकि दो लोगों की हालत गंभीर है। उन्हें लखनऊ के ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है।
यह हादसा बछरावां थाना क्षेत्र के गांव नंदा खेड़ा के सामने रविवार की प्रात पांच बजे हुआ है। फतेहपुर जनपद के खागा तहसील निवासी कुछ लोग तिलक चढ़ाने लखीमपुर-खीरी जनपद के गांव रुकनापुर गए थे। जहां से सभी लोग एक बोलेरो जीप पर सवार होकर वापस अपने घर लौट रहे थे। रविवार की प्रात करीब पांच बजे बांदा बहराइच राजमार्ग पर नंदा खेड़ा गांव के पास सामने से आ रही एक डंपर से बोलेरो जीप टकरा गई।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बोलेरो जीप के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार अनुग्रह सिंह (40 वर्ष) पुत्र लाल सिंह निवासी बखरी कोतवाली खागा जनपद फतेहपुर, राकेश सिंह निवासी कोतवाली खागा जनपद फतेहपुर और सुरेश शुक्ला निवासी कोतवाली खागा जनपद फतेहपुर की मौके पर मौत हो गई। इस हादसे में बोलेरो सवार राजकुमार सिंह तथा एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हुआ है।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना पाकर घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने सभी मृतकों और घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया ।जहां पर चिकित्सकों ने बोलेरो सवार तीन लोगों को मृत घोषित कर दिया है। और गंभीर रूप से घायल दोनों लोगों को तत्काल लखनऊ के ट्रामा सेंटर भेजा गया है।
यह भी पढ़ें:-गोरखपुर में पति-पत्नी और दो बच्चों की जलकर मौत, एक ही बेड पर मिला सभी का शव, इलाके में सनसनी
