डीएम साहब! थानेदार नहीं सुनते, भटकाते बहुत हैं… राजस्व के बाद लोगों को पुलिस से शिकायतें, समाधान दिवस में पहुंचे फरियादी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कानपुर में समाधान दिवस में पहुंचे फरियादी।

कानपुर में समाधान दिवस में तमाम शिकायत लेकर फरियादी पहुंचें। राजस्व के बाद लोगों को पुलिस से बहुत शिकायतें।

कानपुर, अमृत विचार। डीएम साहब! थानेदार शिकायतें सुनते नहीं, भटकाते बहुत हैं। रिपोर्ट दर्ज कराने में भी परेशान कर देते हैं। ऐसी शिकायतों के साथ फरियादी समाधान दिवस में पहुंचे। इस दौरान 51 शिकायतें आईं, जिसमें दस का निस्तारण कर दिया गया, लेकिन पुलिस विभाग से जुड़ी शिकायतों में एक का भी फौरन निस्तारण नहीं किया जा सका।

जिलाधिकारी विशाख जी की अध्यक्षता में शनिवार को फूल बाग स्थित बाल भवन में संपूर्ण समाधान दिवस हुआ, जिसमें फरियादियों की सुनवाई हुई। सबसे ज्यादा 19 शिकायतें राजस्व विभाग की आईं। जिसमें जमीन संबंधित शिकायतों को दर्ज कराया गया। इसमें पांच शिकायतों का निस्तारण कर दिया गया। उसके बाद पुलिस की सबसे ज्यादा शिकायतें पहुंची। इसमें बाबूपुरवा, जाजमऊ, काकादेव, महाराजपुर, एसीपी कैंट और एसीपी पश्चिम की एक एक शिकायतें पहुंचीं। लेकिन, इसमें फौरन न्याय एक भी फरियादी नहीं पा सका।

डूडा की पांच शिकायतों में एक का निस्तारण हुआ, जबकि नगर निगम की पांच व केडीए की चार शिकायतों में एक का भी निस्तारण नहीं हो सका। समाज कल्याण की दो डीपीओ की एक शिकायत दर्ज हुई, जिसका मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। बिजली समस्या से भी लोग पीड़ित दिखे। केस्को की तीन शिकायतें दर्ज हुईं, जिसमें एक का निस्तारण हुआ।

बीएसए, श्रमिक, डीएसओ, दिव्यांगजन, सिंचाई, बीडीओ संबंधित एक एक शिकायत पहुंची, जिसका निस्तारण नहीं हो सका। समाधान के लिए अलग अलग छह टीमों को भेजा गया था। जिलाधिकारी ने  निर्देश दिए कि सभी विभाग जनसामान्य की शिकायतों का स्थानीय स्तर पर समाधान करें। इस अवसर पर एसडीएम सदर अभिवन गोपाल,  सीएमओ डा आलोक रंजन, तहसीलदार रितेश कुमार आदि मौजूद थे।

संबंधित समाचार