संभल: माघ पूर्णिमा पर हजारों श्रद्धालुओं ने लगाई आस्था की डुबकी, गूंजे जयकारे

संभल: माघ पूर्णिमा पर हजारों श्रद्धालुओं ने लगाई आस्था की डुबकी, गूंजे जयकारे

संभल/बबराला, अमृत विचार। माघ पूर्णिमा पर जिले के गंगाघाटों पर श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ा। हजारों श्रद्धालुओं ने गंगा स्नान करके दर्शन पूजन किया। बच्चों के मुंडन संस्कार कर प्रसाद चढ़ाया। गंगा मैया के जयकारों से माहौल भक्तिमय बना रहा। श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए पुलिस बल तैनात रहा।

बबराला के राजघाट गंगाघाट पर रविवार सुबह से ही श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो गया। संभल के अलावा बदायूं, मुरादाबाद, बरेली समेत कई जनपदों से पहुंचे श्रद्धालुओं ने गंगा में आस्था की डुबकी लगाई। गंगा स्नान के बाद श्रद्धालुओं ने विधि विधान से गंगा मैया की पूजा अर्चना की।

धूप, दीप, अक्षत, रोली, चंदन, पुष्प, दूध, दही, शहद, नैवेद्य समर्पित करके गंगा मैया से सुख और समृद्धि की मनौती मांगी। सुबह से शाम तक गंगा स्नान और पूजा अर्चना का सिलसिला चलता रहा। गंगा घाट पर लगे मेले में महिलाओं व युवतियों ने दुकानों पर खरीदारी की। चाट, पकौड़ी का भी आनंद लिया। आचार्य रवि शर्मा ने बताया कि माघ पूर्णिमा स्नान का विशेष महत्व होता है। गंगा घाट पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा में पुलिस कर्मी मुस्तैद रहे। पुलिस कर्मियों ने कड़ी निगरानी की।

जाम में फंसे श्रद्धालुओं को हुई परेशानी
बबराला। राजघाट गंगा घाट पर जाम लगने के कारण श्रद्धालुओं को परेशानी हुई। कई श्रद्धालुओं ने जान जोखिम में डालकर रेलवे ट्रैक पर सफर किया। गंगाघाट के पास और मार्ग पर जाम के हालात बन गए। तब श्रद्धालुओं को दिक्कतें हुईं। वाहन रेंग-रेंग कर चलते रहे। पुलिस ने एक ओर का ट्रैफिक रोककर वाहनों को निकालना शुरू किया। तब जाकर यातायात व्यवस्था सुचारू हो सकी। गुन्नौर सीओ आलोक कुमार सिद्धू पुलिस फोर्स के साथ गंगाघाट राजघाट पर पहुंचे।
 
गंगाघाटों पर स्नान कर कमाया पुण्य
जुनावई। असदपुर और साधुमणि गंगाघाट पर दूरदराज से पहुंचे श्रद्धालुओं ने गंगा स्नान कर प्रसाद चढ़ाते हुए मनौती मांगी और पुण्य कमाया। गंगा के किनारे श्रद्धालुओं ने यज्ञ हवन भी किया। श्रद्धालुओं के पहुंचकर आस्था की डुबकी लगाने और पूजा अर्चना करने का सिलसिला दोपहर बाद तक चलता रहा। असदपुर गंगा घाट पर दबथरा गंगा साईं सिद्धाश्रम की ओर से विशाल भंडारा किया गया। इस आयोजन में दूसरे समुदाय के अनीस अहमद समेत कई भक्तों का सहयोग रहा।

ये भी पढ़ें:- मुरादाबाद : जयंती पर याद किए गए संत रविदास, कांग्रेसियों ने किया माल्यार्पण