मुरादाबाद : यूरोप में भारतीय निर्यात को मजबूती देने के रोडमैप पर बढ़े कदम

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

जर्मनी के फ्रैंकफर्ट में एम्बीएंटे फेयर- 2023 में इंडिया पैवेलियन रहा आकर्षण का केंद्र 

जर्मनी के फ्रैंकफर्ट में पैवेलियन का उद्घाटन करते राजदूत हरीश पर्वथानेनी, दूतावास में काउंसलर जनरल डा. अमित एस तेलंग, साथ में ईपीसीएच के महानिदेशक व चेयरमैन।

मुरादाबाद, अमृत विचार। जर्मनी के फ्रैंकफर्ट में आयोजित एम्बीएंटे फेयर में ईपीसीएच इंडिया पवेलियन के उद्घाटन से अब यूरोप में भारत के निर्यात को मजबूती का रास्ता प्रशस्त हो गया है। हस्तशिल्प निर्यात के साथ ही अन्य व्यापारिक सहयोग बढ़ाने में हर संभव सहयोग का भरोसा भारत के राजदूत ने दिलाया। जर्मनी में भारत के राजदूत हरीश पर्वथानेनी ने भारतीय दल का हौसला बढ़ाया। ईपीसीएच के महानिदेशक राकेश कुमार ने बताया कि यह मेला तीन से सात फरवरी तक चल रहा है। इसमें सबसे बड़ी विदेशी भागीदारी भारत की है। अपने देश के 530 प्रतिभागी हैं, इसके बाद चीन का स्थान है।

 उन्होंने कहा कि आयोजन स्थल के प्रवेश द्वार पर तिरंगा झंडा प्रमुखता से प्रदर्शित किया जाना भारतीय भागीदारी के महत्व को दर्शा रहा है। उन्होंने बताया कि जर्मनी में भारत के राजदूत हरीश पार्वथनेनी के साथ एक संवाद सत्र भी फेयर में तीन फरवरी को आयोजित किया गया था। महावाणिज्य दूतावास में काउंसल जनरल डॉ. अमित एस. तेलंग आदि की उपस्थिति में हस्तशिल्प के निर्यात को बढ़ावा देने के लिए ईपीसीएच की गतिविधियों का प्रदर्शन किया गया। राजदूत ने व्यापार को और बढ़ाने के लिए समर्थन का भरोसा दिलाया। ईपीसीएच के उपाध्यक्ष दिलीप बैद ने इसे भारत के लिए एक अच्छा अवसर बताया। 

ईपीसीएच के अध्यक्ष राजकुमार मलहोत्रा ने बताया कि कि मेले में 55 निर्यातकों के साथ परिषद की भागीदारी दुनिया के लिए नया अवसर है। जीआई टैग वाले हस्तकला उत्पादों के कारीगरों द्वारा लाइव शिल्प प्रदर्शन आगंतुकों के लिए प्रमुख आकर्षण है। इस दौरान मेसे फ्रैंकफर्ट के सीनियर वाइस प्रेसिडेंट कंज्यूमर गुड्स एंड सेल्स स्टीफेन कुर्जावास्की, ईपीसीएच के सीओए सदस्य प्रिंस मलिक, राजेश के. जैन, अरशद मीर सहित मास्टर शिल्पकार आदि उपस्थित रहे। 

ईपीसीएच के हस्तशिल्प पैवेलियन में मिनी इंडिया की झलक
ईपीसीएच के हस्तशिल्प पैवेलियन में कई प्रदेशों के उत्पादों की झलक से मिनी इंडिया का रूप दिख रहा है। उत्कृष्ट लैंप-लाइटिंग, फर्नीचर और एसेसरीज, मोमबत्तियां, अगरबत्ती, क्रिसमस की सजावट, होम टेक्सटाइल्स, गलीचे और कुशन, हाउसवेयर, पेपर उत्पाद, शॉल, स्कार्फ और अन्य हस्तशिल्प वस्तुओं का संग्रह लोगों को आकर्षित कर रहा है। इसमें बिहार के मधुबनी से पेंटिंग, राजस्थान से हाथ ब्लॉक मुद्रित शिल्प, छत्तीसगढ़ से आर्ट मेटल वेयर (ढोकरा क्राफ्ट), हिमाचल प्रदेश से कांगड़ा पेंटिंग क्राफ्ट के शिल्प कौशल, गुजरात से बारी कढ़ाई और राजस्थान से मोलेला टेराकोटा शिल्प का लाइव प्रदर्शन विदेशी निर्यातकों को अपनी ओर खींच रहा है।

ये भी पढ़ें :  हेल्थ डैशबोर्ड की रैकिंग में रामपुर जनपद मंडल में टॉप पर, मुरादाबाद दूसरे स्थान पर

संबंधित समाचार