रायबरेली: पुलिस ने महिला को दिलाई PM आवास योजना की पहली किश्त, जानें क्या है मामला
महराजगंज /रायबरेली, अमृत विचार। अब गांव की महिलाएं मिशनशक्ति के तहत थानों में बने शक्ति केंद्रों पर खुलकर अपनी समस्याओं को बता रही हैं। समाज, परिवार और योजनाओं की शिकायतों को लेकर मुखर होकर समस्याओं की शिकायत एवं निराकरण के लिए महिलाएं अब आगे आ रही है।
कोतवाली क्षेत्र के मुरैनी गांव की रहने वाली उमा पत्नी राम अधार ने दिसम्बर में थाने में बने शक्ति केंद्र पर आवास न मिलने की शिकायत दर्ज कराते हुए कहा कि मेरा कच्चा मकान जर्जर है मुझे आवास दिलाया जाए। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए महिला बीट अधिकारी शगुन शर्मा व अनीता सिंह ने गांव जाकर उमा कुमारी की स्थिति जानने के बाद मुरैनी ग्राम प्रधान से पात्रता के आधार पर महिला को आवास दिलाने की बात कही।
प्रधान व महिला सिपाही शगुन शर्मा के सहयोग से प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत महिला के खाते में 40 हजार रुपए की पहली किस्त पहुंच गई है। जिससे उमा को नये आवास की आश पूरी हुई। प्रधान प्रतिनिधि रणविजय सिंह ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना की पहली किस्त उमा के खाते में आ गई है। इन्होंने आवास निर्माण कार्य शुरू करा दिया है।नींव का काम पूरा होते ही दूसरी किस्त भी इन्हें दिलाई जाएगी।
ये भी पढ़ें -लखनऊ: पति की प्रेमिका को घर बुलाकर पत्नी ने पीटा, केस दर्ज
