Sultanpur News: परीक्षा देकर लौट रही छात्रा को ट्रैक्टर ने रौंदा, मौत, बाइक चला रहे चाचा को भी आई गंभीर चोट, रेफर

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

सुलतानपुर अमृत विचार। परीक्षा देकर चाचा के साथ बाइक से घर लौट रही बीए की छात्रा को एक अनियंत्रित ट्रैक्टर ने रौंद दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। जबकि, दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल चाचा को सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए कानूनी कार्रवाई शुरू की है। 

सोमवार बल्दीराय थाना क्षेत्र के पूरे धरनीधर मिश्र गांव निवासी संतोष मिश्रा अपनी भतीजी सिम्मी मिश्रा (20) को स्नातक की परीक्षा दिलाकर बाइक से लौट रहे थे। वे हलियापुर सुलतानपुर रोड पर केवटली चौराहे के पास पहुंचे थे कि एक अनियंत्रित ट्रैक्टर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। जिसमें बाइक सवार चाचा भतीजी गंभीर रूप से घायल हो गए।

स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें सीएचसी कुड़वार ले जाया गया, जहां पर सिम्मी को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल संतोष को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। थानाध्यक्ष बल्दीराय अमरेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। ट्रैक्टर की तलाश की जा रही है। पुलिस मामले में विधिक कार्रवाई करने में जुटा है। 

बीए की छात्रा थी सिम्मी 
सड़क दुर्घटना में मृत छात्रा सिम्मी मिश्रा पुत्री अनिल कुमार मिश्रा बीए प्रथम वर्ष की छात्रा थी। वह धर्मा देवी बद्री प्रसाद स्मारक महाविद्यालय कुड़वार में पढ़ती थी। प्रथम सेमेस्टर की परीक्षा देकर वह सोमवार को कॉलेज से अपने चाचा के साथ लौट रही थी। सिम्मी की मौत से परिवार में मातम छाया है। वहीं, चाचा अभी अस्पताल में जिंदगी से जूझ रहे हैं। 

यह भी पढ़ें:-रायबरेली: एसपी ने किया ऊंचाहार कोतवाली का निरीक्षण, दिए जरूरी निर्देश

संबंधित समाचार