संभल: मिलन विहार में कमरे में मिला युवक का शव, पास मिले नशे के इंजेक्शन व सिरिंज

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

संभल/चन्दौसी, अमृत विचार। ग्राम पंचायत मौलागढ़ के गांव भवानीपुर के मोहल्ला मिलन विहार में युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उसका शव कमरे में मिला। पास में नशे के इंजेक्शन व सिरिंज मिली है।  पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

यहां अमन (24) किराये पर कमरा लेकर रहता था। वह मंडी में मजदूरी करता था। रविवार रात वह कमरे में सो गया। सोमवार सुबह तक नहीं उठा तो पड़ोसी महेश उसके पास पहुंचे। उन्होंने दरवाजा खोला तो अमन बिस्तर पर मृत अवस्था में पड़ा था। महेश ने घटना की सूचना अमन के ताऊ मिलक निवासी सुरेंद्र को दी। वह परिजनों के साथ मौके पर पहुंचे। वहीं गांव ग्वारऊ (ससुराल) से बहन दीक्षा भी आ गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने परिजनों से पूछताछ की।  कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सतेंद्र सिंह पंवार ने बताया कि युवक नशे का आदी था। उसके पास नशे के इंजेक्शन व सिरिंज बरामद की गई। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्थिति स्पष्ट होगी। 
 
मां-बांत और पत्नी की हो चुकी है मौत
चन्दौसी। अमन के माता-पिता की पहले ही मौत हो चुकी है। बीमारी के चलते एक वर्ष पहले पत्नी की मौत हो गई थी। अमन का बहजोई रोड पर मकान व जमीन थी। जिससे वह बेच चुका था। बताया जाता है कि अमन नशे का आदी था। उसके दो बच्चे हैं, जो पत्नी के मौत के बाद ननिहाल वाले अपने साथ ले गए। 

शहर में बढ़ती जा रही है नशे की लत
चन्दौसी। क्षेत्र के लोगों में नशे की लत बढ़ती जा रही है। शहर के युवा नशे शिकार हो रहे हैं। पहले भी इस तरह की घटनाएं सामने आई है। मोहल्ला खुर्जा गेट निवासी अंकुर अग्रवाल हलवाई का काम करता था। इसका शव एक सप्ताह पूर्व स्टेशन रोड स्थित गांधी पार्क में मिला था। यह भी नशे के इंजेक्शन लेता था। इसी पुष्टि उसके परिजनों ने की थी। अब अमन नशे का शिकार हो गया। यह शहवासियों के लिए चिंता की बात है। अगर इन पर लगाम नहीं लगी तो युवा पीढ़ी इसकी शिकार होती रहेगी। वहीं शहर में नशे के इंजेक्शन बेचे जा रहे हैं और यह धंधा फल फूल रहा है। लेकिन जिम्मेदार धंधेबाजों के खिलाफ कार्रवाई नहीं कर रहे हैं। जिससे युवाओं को नशे के इंजेक्शन मिल भी रहे हैं।

ये भी पढ़ें:- संभल : मंदबुद्धि युवती ने पिता की काटी गर्दन, हालत गंभीर

संबंधित समाचार