लखीमपुर खीरी: अतिक्रमण तोड़ने में व्यापारियों ने की ढिलाई, नगर पालिका ने चलाई जेसीबी 

Amrit Vichar Network
Published By Vishal Singh
On

लखीमपुर खीरी, अमृत विचार। शुक्रवार को एसडीएम श्रद्धा सिंह और व्यापारियों के बीच बैठक में इस बात को लेकर सहमति बनी थी कि व्यापारी बैठक के बाद ही अपना अतिक्रमण तोड़ना शुरू कर देंगे। इसके लिए उनको दस दिन का समय दिया गया था। लेकिन व्यापारियों ने इस मसले को हल्के में लिया और लगातार ढिलाई करते रहे।

व्यापारियों की सुस्ती को देखकर सोमवार को भारी फोर्स के साथ नगर पालिका और जिला प्रशासन की टीम संकटा देवी रोड पहुंची जहां पर नगर पालिका की जेसीबी ने पक्का निर्माण ढहाने की कार्यवाई शुरू कर दी है। पक्का निर्माण गिराये जाने को लेकर अन्य दुकानदारों में हड़कंप मचा हुआ है। 

नगर पालिका का जब भी अतिक्रमण अभियान शुरू होता है, लोग संकटा देवी मार्ग पर फैले अतिक्रमण का मुददा गर्म कर देते थे। वहीं हर बार जिला प्रशासन और नगर पालिका संकटा देवी मार्ग के व्यापारियों को अभयदान देते हुए कार्रवाई को रोक देते थे। लेकिन एसडीएम श्रद्धा सिंह ने रोड पर फैले पक्के अतिक्रमण को हटाने का बीडा उठाया और व्यापारियों को सख्त लहजे में खुद से अतिक्रमण हटाने की चेतावनी दे डाली थी। बकायदा इसको लेकर तहसील सभागार में बैठक हुई थी और व्यापारियों ने खुद से कब्जा हटाने की बात कही थी। 

बैठक खत्म होने के बाद व्यापारियों ने हर बार की तरह इस बार भी मामले को गंभीरता से नहीं लिया। हाल यह कि दो दिनों की चेतावनी के बाद भी व्यापारियों का अड़ियल रवैया देखते हुए सोमवार की दोपहर नगर पालिका की जेसीबी, एसडीएम सहित पीएसी और भारी फोर्स के साथ पहुंची टीम ने जेसीबी की मदद से पक्का कब्जा ढहाना शुरू कर दिया।

इसको लेकर कई व्यापारियों ने विरोध भी किया लेकिन अधिकारियों ने किसी की नहीं सुनी। जेसीबी ने मेन रोड पर बनी दुकान और छज्जों को गिराते हुए अन्य व्यापारियों को मंगलवार की दोपहर तक का समय दिया है। एसडीएम के सख्त रवैये को देखकर सड़क पर अतिक्रमण किये व्यापारियों में हड़कम्प मचा हुआ है। 

नहीं चला कोई जोर, टूटने लगा पक्का अवैध निर्माण 
सोमवार की दोपहर संकटा देवी मार्ग पर व्यापारियों द्वारा सड़क पर किये गये पक्के निर्माण और अतिक्रमण को लेकर इस बार किसी का भी जोर नहीं चला। व्यापारी इस बात को लेकर शांत बैठे दिखाई दे रहे थे कि हर बार की तरह इस बार भी अतिक्रमण नहीं हटाया जाएगा, लेकिन इस बार मामला उल्टा पड़ गया। सोमवार को भारी पुलिस फोर्स देखकर व्यापारियो के हौसले पस्त हो गये जिसके बाद कुछ दुकानदारों ने दुकानों के बाहर बनी दहलीज को तोड़ना शुरू कर दिया था। बाकी दुकानदार मामला टलने का इंतजार कर रहे थे। फिलहाल अभियान अभी कई दिनों तक चलने की बात कही जा रही है। 

व्यापारियों को दिया गया समय पूरा हो गया हो रहा था। तीन दिन बीतने के बाद भी अतिक्रमण हटाने को लेकर व्यापारियों ने किसी भी तरह की कोई दिलचस्पी नहीं दिखायी। लिहाजा प्रशासन को ही अतिक्रमण हटाना होगा। पहले दिन एक तरफ का पक्का अतिक्रमण हटाया गया है। मंगलवार को भी अभियान जारी रहेगा। किसी भी हाल में व्यापारियों को कब्जा नहीं करने दिया जाएगा- श्रद्धा सिंह, एसडीएम सदर।

ये भी पढ़ें- लखीमपुर-खीरी: Facebook पर इस्लाम धर्म पर टिप्पणी से लोगों में आक्रोश, थाने का किया घेराव...आरोपी गिरफ्तार

संबंधित समाचार