यूपी में MSP पर दलहन-तिलहन खरीद: किसानों को मिलेगा बढ़ा समर्थन मूल्य, जानिए क्या बोले कृषि मंत्री 

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

लखनऊ। रबी सीजन की फसलों की खरीद को लेकर राज्य सरकार ने व्यापक रणनीति तैयार की है। कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने बताया कि केंद्र सरकार से मिली अतिरिक्त छूट के बाद अब प्रदेश में गेहूं के साथ-साथ दलहन और तिलहन की भी बड़े स्तर पर खरीद सुनिश्चित की जाएगी। शाही ने मंगलवार को यहां प्रेस कांफ्रेंस में बताया कि केंद्र सरकार ने मसूर की 6.77 लाख मीट्रिक टन, चने की 2.24 लाख मीट्रिक टन और सरसों की 5.30 लाख मीट्रिक टन खरीद की अनुमति दी है। इसके तहत किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर उपज बेचने का अवसर मिलेगा। 

एमएसपी में इस वर्ष बढ़ोतरी करते हुए चने का मूल्य 5875 प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है, जो पिछले वर्ष की तुलना में 225 अधिक है। उन्होंने कहा कि मसूर का एमएसपी 7000 प्रति क्विंटल रखा गया है, जिसमें 300 की वृद्धि हुई है, जबकि सरसों का एमएसपी 6200 प्रति क्विंटल तय किया गया है, जो गत वर्ष से 250 ज्यादा है। कृषि मंत्री ने कहा कि न्यूनतम समर्थन मूल्य किसानों के लिए सुरक्षा कवच की तरह काम करता है और सरकार इस व्यवस्था को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है। 

मंत्री ने कहा कि खरीद प्रक्रिया में केंद्र की एजेंसियां नैफेड और एनसीसीएफ शामिल होंगी, जबकि राज्य की ओर से पीसीएफ और यूपीएसएस समेत चार एजेंसियां खरीद कार्य करेंगी। किसानों को भुगतान सीधे उनके बैंक खातों में किया जाएगा। शाही ने कहा कि 2017 से पहले प्रदेश में दलहन और तिलहन की खरीद पर ध्यान नहीं दिया जाता था, लेकिन वर्तमान सरकार ने इस दिशा में प्रभावी कदम उठाए हैं।

उन्होंने बताया कि कृषि विभाग ने अपने बजट का 82.9 प्रतिशत खर्च किया है। कुल 7051 करोड़ रुपये के बजट में से 5788 करोड़ रुपये व्यय किए गए, जो अब तक का उल्लेखनीय प्रदर्शन है। किसानों को राहत देने के लिए इस वर्ष 11.25 लाख किसानों को 50 प्रतिशत अनुदान पर बीज उपलब्ध कराए गए, जिसके तहत 314.31 करोड़ सीधे उनके खातों में भेजे गए। इसके अलावा 12.73 लाख किसानों को 54,847 क्विंटल बीज निःशुल्क वितरित किया गया।

योगी मंत्री शाही ने बताया कि फसल बीमा योजना के तहत भी किसानों को राहत मिल रही है। मंत्री ने बताया कि इस खरीफ सीजन में अब तक 5.39 लाख किसानों को 532.17 करोड़ की क्षतिपूर्ति उनके खातों में भेजी जा चुकी है। प्रक्रिया जारी है और जल्द ही करीब 1.5 लाख और किसानों को 150-160 करोड़ की अतिरिक्त राशि दी जाएगी। उन्होंने बताया कि वर्ष 2017 से अब तक 67.52 लाख किसानों को 5660.33 करोड़ की क्षतिपूर्ति प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत दी जा चुकी है।

ये भी पढ़ें :
ग्रेटर नोएडा में गरजा बुलडोजर: अतिक्रमण के खिलाफ सख्त कार्रवाई, कब्जा मुक्त कराई गई करोड़ों की जमीन

 

 

 

 

 

 

 

संबंधित समाचार