Kanpur News : ई-रिक्शा की मनमानी, सुगम यातायात पर फेर रही पानी, उल्टी दिशा में आने से लगता जाम
कानपुर में कंडम ई रिक्शे से यातायात व्यवस्था धड़ाम हो रही।
कानपुर में ई-रिक्शों में नियम से अधिक सवारियां चालक ढो रहे। आड़े तिरछे और उल्टी दिशा में घुसकर जाम लगाते। कंडम रिक्शों से व्यापार किया जा रहा।
कानपुर, अमृत विचार। शहर में ई-रिक्शा की भरमार और उनकी बेढंगी चाल सुगम यातायात का रास्ता रोक रही है। ई रिक्शा चालकों की अराजकता से यातायात सिस्टम पूरी तरह से चरमरा गया है। शहर में जगह-जगह लगने वाले जाम का सबसे बड़ा और प्रमुख कारण ई-रिक्शा की धमाचौकड़ी है, जिस पर किसी का अंकुश नहीं है।
इनकी अराजकता का यह माहौल है, कि आड़े तिरछे खड़े होने वाले तमाम मार्गों पर उल्टी दिशा में चलकर यातायात फंसा देते हैं। नियमों को ताक पर रखकर किया जा रहा ई रिक्शा का संचालन हादसों की वजह बन रहा हैं। लेकिन जिम्मेदार अधिकारी कतई ध्यान नहीं दे रहे हैं। इनकी लापरवाही से रोज होने वाले हादसों में तमाम चोटहिल हो रहे हैं तो कई बार लोगों की जानें तक जा रही हैं।
हाईवे हो या शहर के प्रमुख मार्ग ई-रिक्शा की इतनी धमाचौकड़ी है, कि लोगों का चलना दूभर हो गया है। कुछ स्थानों पर साफ बोर्ड में अंकित है कि यह एकल मार्ग है, उल्टी दिशा में जाना अपराध है। लेकिन ई रिक्शा वाले सारे नियम तोड़ते हुए वहां भी दखलअंदाजी से बाज नहीं आते हैं। नियमों का उल्लंघन कर नजरअंदाज करना इनकी आदत में शुमार है। घंटाघर, बादशाहीनाका, मूलगंज, लाटूश रोड, कचहरी, बड़ा चौराहा, एक्सप्रेस रोड, जरीब चौकी चौराहा, फजलगंज, गोविंदपुरी पुल, मेडिकल कालेज पुल, मोतीझील, बजरिया, कर्नलगंज आदि स्थानों पर धड़ल्ले से ई-रिक्शा चालक फर्राटा भरते नजर आ जाएंगे।
आलम यह है कि चालक निर्धारित सवारियों के अलावा ठूंस-ठूंस कर बैठा लेते हैं, जिससे दुर्घटनाओं में तेजी से इजाफा हो रहा है। इनके चालकों का रिक्शा चलाने का स्टाइल इतना खतरनाक है, कि एक पैर मोड़कर बैठ जाते हैं, जिससे सवारियां भगवान का नाम लेने लगती हैं। कुछ सवारियों को तो लटककर सफर करना पड़ता है। शहर में रोज जाम लगने का मुख्य कारण ई रिक्शा हैं।
शहर के थाने सीसामऊ, बजरिया, कर्नलगंज, चकेरी के बाहर इनकी अराजकता देखकर पूरे शहर का अनुमान लगाया जा सकता है। जब पुलिस ही अपने थाने के बाहर की अव्यवस्था को नहीं खत्म करवा पा रही है, तो पूरे शहर का क्या हाल होगा। इससे यह साबित होता है, कि जिंदगी पर भारी, अराजकता हमारी, जहां चाही वहां ब्रेक मारी। शहर के कुछ इलाकों और बाजारों में कंडम ई रिक्शों से धड़ल्ले से व्यापार किया जा रहा है। लेकिन कोई भी जिम्मेदार इनके विरुद्ध कार्रवाई नहीं कर रहा है।
अराजकता से जाम हो गया आम
जाम में फंसकर रोज लोग प्रशासन को कोसते नजर आते हैं। उन लोगों का साफ तौर पर कहना है कि शहर में जाम लगना अब आम हो गया है। ई रिक्शा चालक कहीं भी किसी भी स्थान पर खड़े होकर अराजकता फैलाते हैं। जरीब चौकी चौराहा, हैलट पुल, रावतपुर, ग्वालटोली, सूटरगंज, सिविल लाइंस, चुन्नीगंज, लाटूश रोड, अनवरगंज, यतीमखाना, परेड अस्पताल रोड, चेतना चौराहा, पनचक्की चौराहा, लालबंगला, महाराजपुर रोड समेत दर्जनों क्षेत्रों में इनकी धमाचौकड़ी से लोग बेहद परेशान हैं। जाम में कई स्कूलों के बच्चे भी रोज फंसकर बेहाल हो जाते हैं।
शहर में कुल 28 हजार ई-रिक्शा का रजिस्ट्रेशन हैं, लेकिन उससे भी अधिक चल रहे हैं। जल्द ही इन पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। थाना पुलिस को भी अपने क्षेत्रों में अभियान चलाना चाहिए। साथ ही इनके कुछ रूटों को पूरी तरह से प्रतिबंधित किया जाएगा।- तेज स्वरूप सिंह, डीसीपी यातायात
