अयोध्या: गन्ना मूल्य घोषणा की मांग को लेकर रालोद ने किया प्रदर्शन, सौंपा ज्ञापन
अयोध्या, अमृत विचार। किसान संदेश अभियान के तहत मंगलवार को राष्ट्रीय लोकदल कार्यकर्ताओं ने लाभकारी गन्ना मूल्य की घोषणा समेत सात सूत्रीय मांग को लेकर सिविल लाइन स्थित गांधी पार्क में धरना- प्रदर्शन किया। धरना-प्रदर्शन के बाद मुख्यमंत्री के नाम संबोधित सात सूत्रीय ज्ञापन नायब तहसीलदार सदर गौरीशंकर वर्मा को सौंपा है।
ज्ञापन में सत्र 2022-23 के लिए गन्ने के लाभकारी मूल्य की घोषणा, छुट्टा पशुओं से किसानों की फसल को बचाने के लिए उचित समाधान, बकाया गन्ना मूल्य का ब्याज सहित भुगतान, अवध क्षेत्र में आलू निर्यात केंद्र की स्थापना व समुचित मूल्य निर्धारण, बंधन व सफाई के नाम पर गन्ना किसानों का चीनी मिलों द्वारा उत्पीड़न बंद कराने, मसौधा गन्ना समिति के किसानों को रकबा फीडिंग तथा खाद कीटनाशक खरीद के लिए बाध्य करने पर रोक लगाने तथा सप्ताह में एक दिन गन्ना सुपरवाइजरों का क्षेत्र दौरा सुनिश्चित कराने की मांग रखी है।
अवध क्षेत्र अध्यक्ष चौ. रामसिंह पटेल ने बताया कि चार माह से चीनी मिलें चल रही हैं लेकिन अभी मूल्य की घोषणा नहीं हुई है। किसानों के लिए भाजपा सरकार ने चुनाव पूर्व बड़े-बड़े वादे और दावे किए थे लेकिन किया कुछ भी नहीं। पत्र लिखने और ज्ञापन देने के बावजूद अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।
इस अवसर पर एससीएसटी प्रकोष्ठ क्षेत्र अध्यक्ष बेचू लाल ज्ञान, अभियान के मंडल प्रभारी राम शंकर वर्मा, जिलाध्यक्ष बलराम यादव, राजेश तिवारी, लक्ष्मण कोरी, शांति देवी, हरिशचंद्र यादव, उर्मिला देवी, दुखना, रामकली, देवमती समेत अन्य मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें:-सुलतानपुर: 53.75 लाख से बनेगा मोतिगरपुर बाजार में नाला, सांसद ने दी सौगात
