बरेली: सेंट्रल जेल के 51 कैदियों समेत 198 कोरोना पॉजिटिव, तीन की मौत

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली,अमृत विचार। जनपद में रविवार को सेंट्रल जेल के 51 कैदियों समेत 198 कोरोना पॉजिटिव मिले जबकि संक्रमण से तीन और मरीजों की मौत हो गई। इतनी बड़ी संख्या में कैदियों में संक्रमण पाए जाने से न सिर्फ जेल प्रशासन बल्कि स्वास्थ्य विभाग में भी खलबली मच गई। सेंट्रल जेल के अलावा जिला जेल में …

बरेली,अमृत विचार। जनपद में रविवार को सेंट्रल जेल के 51 कैदियों समेत 198 कोरोना पॉजिटिव मिले जबकि संक्रमण से तीन और मरीजों की मौत हो गई। इतनी बड़ी संख्या में कैदियों में संक्रमण पाए जाने से न सिर्फ जेल प्रशासन बल्कि स्वास्थ्य विभाग में भी खलबली मच गई। सेंट्रल जेल के अलावा जिला जेल में भी पांच कैदियों में संक्रमण पाया गया है।

बता दें कि जिले की दोनों जेलों में कोरोना से बचाव के लिए जेल प्रशासन ने सभी जरूरी इंतजाम कर रखे हैं। कैदियों से मिलने के लिए बाहरी लोगों के आने-जाने पर प्रतिबंध लगा हुआ है। इसके बाद भी जेल परिसर में वायरस कैसे फैल गया। इसको लेकर जेल प्रशासन हतप्रभ है।

आपको बता दें कि तीन दिन पहले सेंट्रल जेल में एक कैदी में संक्रमण पाया गया था। इसके बाद उसकी मौत हो गई थी। इसके बाद ही जेल प्रशासन ने स्वास्थ्य विभाग से सारे कैदियों के सैंपल की जांच करवाई थी। दो दिन पहले एक कैदी में संक्रमण पाया गया था लेकिन यहां इतनी बड़ी संख्या में कैदी संक्रमित हो जाएंगे, इसका अंदाजा जेल प्रशासन को नहीं था। हालांकि स्वास्थ्य विभाग अब जेल में संक्रमण की चेन तलाशेगा। वहीं, सभी कैदियों को उनके लक्षण के आधार पर उपचार के लिए आईसोलेट किया जाएगा।

रविवार को जिले में 198 लोगों में संक्रमण की पुष्टि। इनमें एसआरएमएस में दो और गंगाशील अस्पताल में एक संक्रमित पाया गया। वहीं, भोजीपुरा में छह, शहर के बिहारीपुर कासरान में तीन, बदायूं रोड पर चार, पुराना शहर के कटरा चांद खां में चार, इज्जतनगर में चार, सुभाषनगर में तीन, गणेशनगर में तीन, शिवनगर में तीन, देवचरा में तीन, फरीदपुर में तीन, क्यारा में दो, महानगर में दो, आंवला में दो, कर्मचारीनगर में दो, साहूकारा में दो, गुलाबरनगर में दो, जागृतिनगर में दो, सनसिटी में दो, मुंशीनगर में दो लोग संक्रमित पाए गए। रामपुर गार्डन, बांके की छावनी, आजाद नगर, वंशी नगला, कूर्मांचल नगर, चौबारी, पटेल नगर, छोटी बिहार, भूड़, सुर्खा बानखाना, शास्त्री नगर, राजीव एंक्लेव, भरतौल, पवन बिहार में एक-एक संक्रमित मिला है। वहीं, नकटिया में रविवार को 14 लोग संक्रमित पाए गए।

एसपीआरए कार्यालय में दो, खुफिया विभाग में एक संक्रमित
पुलिस और खुफिया विभाग भी संक्रमित मिलने का सिलसिला थम नहीं रहा है। रविवार को एसपीआरए कार्यालय में दो कर्मचारियों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। खुफिया विभाग में एक और कर्मचारी संक्रमित पाया गया। वहीं, पुलिस लाइन में एक जवान की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।

ट्यूलिप कालोनी में एक परिवार के सात सदस्यों समेत नौ पॉजिटिव
शहर की ट्यूलिप टॉवर कालोनी में रोजाना कोरोना संक्रमण के मरीज सामने आ रहे हैं। रविवार को यहां एक परिवार के ही सात सदस्यों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। इनके अलावा दो अन्य लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई है।

कोरोना ने तीन और की जान ली
रविवार को तीन कोरोना संक्रमितों की मौत हो गई। इनमें दो बुजुर्ग और एक महिला है। मृतकों में रामपुर गार्डन निवासी 64 वर्षीय हरीश कुमार जयसवाल का इलाज कोविड एल-2 अस्पताल में चल रहा था। प्रेमनगर निवासी 50 वर्षीया बेबी ट्रू नॅाट से हुई जांच में पॉजिटिव पाई गई थीं। उनका भी निधन हो गया। राजेंद्र नगर निवासी 82 वर्षीय बुजुर्ग जीएस चड्ढा को सांस लेने में दिक्कत के चलते भर्ती कराया था। रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद उनका इलाज चल रहा था और रविवार को चिकित्सक उनको बचा न पाए।

संबंधित समाचार