Kanpur : कल से जब्त की जाएंगी SP MLA Irfan Solanki की संपत्तियां, 200 करोड़ रुपये की बेनामी संपत्ति चिन्हित
कानपुर में कल से सपा विधायक इरफान सोलंकी की संपत्ति जब्त की जाएगी।
कानपुर में कल से सपा विधायक इरफान सोलंकी की संपत्ति जब्त की जाएगी। 27 भूमि की सूची तैयार की गई। जब्तीकरण के दौरान पीएसी भी मौजूद रहेगी। विधायक व सहयोगियों की 200 करोड़ रुपये की बेनामी संपत्ति चिह्नित हुई।
कानपुर, अमृत विचार। सीसामऊ से सपा विधायक इरफान सोलंकी और उनके गैंगस्टर साथियों की 27 बेनामी संपत्तियों को अधिकारियों ने चिन्हित कर लिया है। आठ फरवरी से इन पर जब्तीकरण की कार्रवाई शुरू की जाएगी। इस कार्रवाई को लेकर अलग-अलग टीमें बना दी गईं हैं। नोडल अधिकारी बनाए गए फीलखाना इंस्पेक्टर एक दिन बाद से कार्रवाई शुरू करेंगे।
संयुक्त पुलिस आयुक्त आनंद प्रकाश तिवारी ने बताया कि गैंगस्टर एक्ट के तहत पुलिस संपत्ति जब्त करने की कार्रवाई करने वाली है। 26 दिसंबर 2022 को पुलिस ने इरफान सोलंकी समेत चार अन्य पर गैंगस्टर एक्ट लगाया गया था। पुलिस की अब तक की जांच में सामने आया कि उन लोगों की करीब 200 करोड़ की बेनामी संपत्ति आंकी जा रही है, इस पर बुधवार से कार्रवाई शुरू होने जा रही है। यह जमीने ज्यादातर मुस्लिम क्षेत्रों में हैं, जिसके बाद से खुफिया एजेंसियां सक्रिय हो गई हैं।
जाजमऊ की डिफेंस कालोनी निवासिनी नजीर फातिमा ने सात नवंबर को विधायक इरफान सोलंकी पर घर फूंकने के मामले में उन पर व उनके भाई रिजवान सोलंकी पर गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया था। इसके बाद से उन पर पुलिस का शिकंजा कसता जा रहा है।
पुलिस ने एक महीने के भीतर इरफान के खिलाफ एक के बाद एक गैंगस्टर एक्ट समेत आठ मुकदमे दर्ज किए थे, इसमें दो में चार्जशीट दाखिल हो गई है। छह मामलों में चार्जशीट अंतिम पड़ाव में है। पुलिस 10 फरवरी तक उन मामलों में भी चार्जशीट दाखिल कर देगी।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि इरफान व उनके सहयोगियों की बेनामी संपत्ति ग्वालटोली, चमनगंज, कोतवाली, जाजमऊ और चकेरी थाना क्षेत्रों में हैं। जेसीपी ने बताया कि विधायक इरफान के भाई रिजवान की भी करोड़ों की बेनामी संपत्ति है। उसके पास भी कानपुर से लेकर उन्नाव तक संपत्तियां हैं। जिन्हें लिस्टेड किया जा रहा है। रिजवान उन्नाव का भूमाफिया भी है।
इसके साथ ही गैंग में शामिल सपा नेत्री के पिता शौकत पहलवान ने भी अवैध तरीके से करोड़ों की संपत्ति अर्जित की है। साथ ही हिस्ट्रीशीटर इसराइल आटे वाला, मोहम्मद शरीफ की भी करोड़ों की संपत्ति जब्त होनी हैं। इस मामले में कार्रवाई को लेकर पुलिस ने तैयारी पूरी कर ली है। पुलिस के इस एक्शन को लेकर मुस्लिम इलाकों में सुगबुगाहट शुरू हो गई है। हर तरफ तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। इसको लेकर खुफिया एजेंसियां भी चौकन्नी हो गई हैं। पुलिस को भी अलर्ट मोड पर रखा गया है।
