राजस्थान के जैन परिवार से वाराणसी में की शादी, चाय में नशीला पदार्थ मिलाकर फरार हो गई लुटेरी दुल्हन, हैरान कर देगा मामला

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

इटावा में लुटेरी दुल्हन सारा सामान लेकर फरार हो गई।

राजस्थान के जैन परिवार से वाराणसी में लुटेरी दुल्हन ने शादी की। इसके बाद जैन परिवार दुल्हन को ट्रेन से विदा कराकर राजस्थान जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में लुटेरी दुल्हन चाय में नशीला पदार्थ मिलाकर बेहोश कर सारा सामान लेकर फरार हो गई।

इटावा, अमृत विचार। राजस्थान के एक जैन परिवार के साथ शादी के नाम पर ठगी की गयी। परिवार ने वाराणसी में शादी तय की थी और रविवार को घर में ही सादगी के साथ शादी हुयी थी। जैन परिवार दुल्हन को विदा कराकर ट्रेन से राजस्थान के व्यावरा जा रहा था तभी रास्ते में एक युवक ने चाय में नशीला पदार्थ मिलाकर सभी को बेहोश कर दिया। दूल्हा समेत परिवार को इटावा के पास सराय भूपत स्टेशन पर होश आया तो दुल्हन गायब थी।

इसकी जानकारी पर जीआरपी व आरपीएफ ने पूरे परिवार को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। सहयात्रियों ने परिवार के लोगों को बताया कि दुल्हन चाय पिलाने वाले लड़के के साथ ही कानपुर में उतरी थी, इसके बाद ट्रेन में नहीं चढ़ी। जीआरपी घटना को शादी के नाम पर टप्पेबाजी मानकर छानबीन कर रही है।

राजस्थान के ब्यावरा के रहने वाले शांतिलाल जैन ने अपने साढू कन्हैया लाल जैन के बेटे अंकित जैन की शादी मुगलसराय से 25 किलोमीटर दूर गांव बघौली में पक्की करायी थी। शादी में शामिल होने के लिए शांतिलाल जैन के अलावा दूल्हा अंकित उसके पिता कन्हैया लाल जैन व मां गुड्डी जैन पहले से ही गांव पहुंच गए थे। रविवार को लड़की के घर पर ही सादगी के साथ शादी की सारी रस्में पूरी हुई थी।

सोमवार की रात यह सभी लोग दुल्हन गुड्डी की विदा कराकर गाड़ी संख्या 14853 अप मरुधर एक्सप्रेस के पीछे जनरल कोच में वाराणसी सिटी स्टेशन से सवार हुए थे। जब ट्रेन बनारस कैंट रेलवे स्टेशन पर पहुंची तो इनकी सीट पर एक युवक आकर बैठ गया और सभी से दोस्ती कर ली उसके पास चाय की केतली भी थी। उसने पूरे परिवार को चाय पिलाने के साथ नमकीन बिस्किट भी खिलाए। लेकिन दुल्हन व उस युवक ने चाय नहीं पी। चाय पीने के बाद यह सभी लोग बेहोश हो गये।

मंगलवार की सुबह ट्रेन 6:44 बजे इटावा जंक्शन पहुंची थी और 6:64 बजे आगे के लिए रवाना हो गई थी। इटावा जंक्शन से आगे सराय भूपत रेलवे स्टेशन पर दुरंतो एक्सप्रेस निकालने के लिए ट्रेन रोकी गई थी इसी बीच बेहोशी की हालत में ही परिवार के लोग जब ट्रेन से उतरने लगे तो गांव नगला रामफल के लोगों ने इन्हें देखा और सराय भूपत स्टेशन पर पहुंचाया। यहां के स्टेशन मास्टर ने जीआरपी व आरपीएफ को इसकी सूचना दी।

सूचना मिलते ही जीआरपी इस्पेक्टर के अलावा आरपीएफ के एएसआई शिव चरण सिंह, हेड कांस्टेबल प्रीतम सिंह पहुंचे और सभी यात्रियों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। दूल्हे के मौसा शांतिलाल जैन ने जीआरपी को बताया कि ट्रेन में बैठे यात्रियों ने उन्हें बताया है कि दुल्हन जिस लड़के ने चाय पिलाई थी उसके साथ कानपुर स्टेशन पर उतर गई थी। उन्होंने इसकी सूचना दुल्हन के घर वालों को भी दे दी है।

वहीं जीआरपी इस्पेक्टर संजय खरवार का कहना है कि ट्रेन में सवार यात्रियों के साथ शादी करने के बहाने टप्पे बाजी की गई है। लड़की के साथी ने ही इन लोगों को चाय में नींद की गोलियां दे दी थी जिससे सभी बेहोश हो गए थे उनके द्वारा इस पूरे मामले की जांच की जा रही है। दूल्हे के साथ उसके माता-पिता का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है।

संबंधित समाचार