मथुरा: 11 KM तक कार से घिसटता रहा युवक का शव, पुलिस ने ड्राइवर को हिरासत में लिया
मथुरा। अमृत विचार। यमुना एक्सप्रेस वे पर कार के पीछे 11 किलोमीटर तक युवक का शव घिसटता रहा और कार चालक को इसकी भनक भी नहीं लगी। मांट टोल प्लाजा पर जब कार रुकी तो टोल कर्मियों को नजर कार के नीचे फंसे युवक के शव पर गई। यह देख उनके होश फाख्ता हो गए। तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने कार के नीचे फंसे युवक के शव को बमुश्किल बाहर निकाला। पुलिस ने कार चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
एसपी त्रिगुन विशेन ने बताया कि जिस कार में शव फंसा था वह आगरा से दिल्ली जा रही थी। दिल्ली निवासी वीरेंद्र सिंह स्विफ्ट कार चला रहे थे। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। उन्होंने बताया है कि रात को एक्सप्रेस- वे पर कोहरा था। किसी वाहन से ये हादसा हुआ होगा, जिसका शव एक्सप्रेस-वे पर पड़ा रहा होगा। कोहरे में शव दिखाई नहीं दिया। ऐसे में कार में फंसकर घिसटता चला आया होगा। मृतक की जेब से टूटा की-पैड मोबाइल और करीब 500 रुपए मिले हैं।
शव इस कदर बिगड़ गया था कि चेहरा पहचान में नहीं आ रहा था। पुलिस एक्सप्रेस-वे पर लगे CCTV कैमरों को खंगाल रही है। मृतक की शिनाख्त इटावा निवासी रिजपाल सिंह रूप में हुई है। जिसकी उम्र 25 साल है। जो दिल्ली में कोरियर कंपनी में गाड़ी चलाता था। एसपी देहात ने बताया कि एक्सप्रेस-वे पर मांट क्षेत्र में माइल स्टोन-106 पर खून के निशान मिले हैं। आशंका है कि वहां हादसा हुआ था। शव टोल प्लाजा तक घिसटता आया।
माइल स्टोन-106 से टोल प्लाजा की दूरी करीब 11 किमी है। टक्कर कार से हुई या किसी और वाहन से इसकी जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि स्विफ्ट डिजायर कार का नंबर DL12 CT2125 है। कार में 2 महिला और 2 पुरुष सवार थे। वे लोग दिल्ली के तिगड़ी थाना क्षेत्र के संगम विहार के रहने वाले हैं। परिवार के साथ आगरा में शादी कार्यक्रम से लौट रहे थे। कार ड्राइवर वीरेंद्र ने पुलिस को बताया कि उसे घटना के बारे में कोई जानकारी नहीं थी। उसकी कार से कोई हादसा भी नहीं हुआ। उसे टोल प्लाजा पर लोगों ने बताया कि गाड़ी में शव फंसा है। यमुना एक्सप्रेस-वे पर कोहरा था। दूसरे वाहन से हादसा हुआ होगा।
