Kanpur कमिश्नरेट पुलिस एक बार फिर पिटी, सूचना पर पहुंचें दरोगा का अपराधी ने दबाया गला, फिर ये हुआ

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कानपुर में सूचना पर पहुंचें दरोगा का अपराधी ने पकड़ा गला।

कानपुर के घाटमपुर कोतवाली क्षेत्र के दहेली गांव में सूचना पर अपराधी को पकड़ने गए शातिर ने पुलिस हिरासत में दरोगा पर जानलेवा हमला कर दिया। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से किसी तरह शातिर पर काबू पाया।

कानपुर, अमृत विचार। घाटमपुर कोतवाली क्षेत्र के दहेली गांव में शातिर ने पुलिस हिरासत में दरोगा पर जानलेवा हमला कर दिया। दरोगा अपने हमराही के साथ उसे बाइक पर बिठाकर चौकी ला रहे थे। रास्ते में पीछे से शातिर ने दरोगा का गला दबाना शुरू कर दिया। हमराही ने ग्रामीणों की मदद से किसी तरह शातिर पर काबू पाया। शातिर को गिरफ्तार करके दरोगा को उपचार के लिए सीएचसी भेजा गया।   

मंगलवार देर शाम रेउना पुलिस चौकी में तैनात दरोगा मंजेश कुमार हमराही सिपाही आशीष के साथ दहेली मोड़ पर वाहन चेकिंग कर रहे थे। उन्हें सूचना मिली कि दहेली गांव में हत्या के मामले में आरोपी गांव निवासी गगन सचान नशेबाजी के विरोध पर ग्रामीणों को कुल्हाड़ी से काट डालने की धमकी दे रहा है। दरोगा मंजीत ने मौके पर जाकर शातिर को हिरासत में ले लिया और उसे बाइक से रेउना पुलिस चौकी ला रहे थे। बाइक दरोगा मंजेश चला रहे थे।

बीच में शातिर और उसके पीछे सिपाही आशीष बैठा था। इंस्पेक्टर रामबाबू सिंह ने बताया कि गांव से करीब 100 मीटर दूर शातिर ने अचानक दरोगा पर हमला कर दिया। साथ ही उसने दरोगा की गर्दन दबोच ली। इस दौरान बाइक फिसलने से तीनों सड़क पर गिर पड़े, लेकिन शातिर ने दरोगा की गर्दन नहीं छोड़ी। सिपाही आशीष ने ग्रामीणों की मदद से शातिर को काबू किया और कोतवाली में घटना की सूचना दी।

इंस्पेक्टर आनन फानन में कोतवाली व रेउना चौकी का पुलिस बल लेकर मौके पर पहुंचे और शातिर को पकड़कर कोतवाली ले आए। दरोगा के गले, हाथ व पैर में चोटें आई हैं। उन्होंने बताया कि शातिर पर हत्या का मामला कोर्ट में विचाराधीन है। अभी वह जमानत पर बाहर है। दरोगा को सीएचसी घाटमपुर में उपचार के लिए भेजा गया है। आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की जा रही है।

संबंधित समाचार