JEE Main Result 2023 : जेईई मेन में छाए शहर के होनहार, यहां पढ़ें- छात्रों की जुबानी
JEE Main Result 2023 कानपुर के जेईई मेन में शहर के होनहार छा गए।
JEE Main Result 2023 कानपुर के जेईई मेन का परिणाम जारी हो गया। इसमें पहले चरण की परीक्षा में 99 से अधिक पर्सेंटाइल हासिल किए। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी की ओर से प्रवेश परीक्षा आयोजित हुई।
कानपुर, अमृत विचार। JEE Main Result 2023 जेईई मेन के पहले चरण में शहर के होनहार छाए हुए हैं। अधिकतर ने 99 से अधिक पर्सेंटाइल हासिल करने में कामयाबी पाई है। उनकी सफलता पर माता-पिता के साथ ही शिक्षक खुशी जाहिर की है। मेधावियों ने दूसरे चरण की तैयारी शुरू कर दी है। दूसरा चरण अप्रैल में आयोजित किया जाएगा।
नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) की ओर से शहर के कई केंद्रों पर जेईई मेन 2023 का आयोजन हुआ, जिसमें कानपुर समेत आसपास के जनपदों के छात्र-छात्राएं शामिल हुए। जेईई मेन के अच्छे स्कोर के आधार पर ही जेईई एडवांस की राह आसान होती है। अच्छे पर्सेंटाइल के बावजूद छात्र अपनी तैयारी के लिए दूसरे और तीसरे चरण में शामिल होते हैं। जेईई एडवांस के अच्छे नंबरों के आधार पर आईआईटी में एडमिशन मिलता है।
सीएस से बीटेक करना सपना
बर्रा दो के ध्रुव आईआईटी कानपुर या मुंबई से कंप्यूटर साइंस में बीटेक करना चाहते हैं। उनके 99.6 पर्सेंटाइल आए हैं। पिता रोहित गौर निजी कंपनी में हैं, जबकि मां रुचि शिक्षिका हैं। ध्रुव बोर्ड परीक्षा के साथ ही जेईई मेन की तैयारी कर रहे थे। अब उनका सपना जेईई एडवांस में बेहतर रैंक हासिल करना है।
स्टार्टअप करने की चाह
यूपी किराना सेवा समिति की छात्रा अदीबा खान इंजीनियरिंग के बाद स्टार्टअप करना चाहती हैं। उनके 99.4 पर्सेंटाइल आए हैं। पिता एयरफोर्स में हैं, जबकि मां रुबिना खान हाउस वाइफ हैं। अदीबा किदवई नगर में रहती हैं। उनका कहना है कि सही तरीके से और निरंतर पढ़ाई से सफलता मिलती है। इसका कोई शार्टकट नहीं होता है।
एयरोस्पेस इंजीनियरिंग का सपना
डॉ. बृजकिशोरी दुबे स्कूल के शशांक गुप्ता आईआईटी कानपुर से एयरोस्पेस में इंजीनियरिंग करना चाहते हैं। पिता संजय गुप्ता कारोबारी, जबकि मां ज्योति हाउस वाइफ हैं। शशांक के पहले प्रयास में 99.5 पर्सेंटाइल आए हैं। उनका कहना है कि पढ़ाई के दौरान सारा फोकस अपनी तैयारी पर देना चाहिए। इससे मन भटकता नहीं है।
कड़ी मेहनत से मिली कामयाबी
श्याम नगर के डॉ. वीरेंद्र स्वरूप एजुकेशन सेंटर के अर्चित शुक्ला ने 99.72 परसेंटाइल हासिल किए हैं। पिता राजेश शुक्ला उच्च न्यायालय में हैं, जबकि मां आराधना शुक्ला शिक्षिका हैं। अर्चित आईआईटी से इंजीनियरिंग करना चाहते हैं। अभी कोर्स और ब्रांच फाइनल नहीं की है। सफलता का श्रेय माता पिता और शिक्षकों को देते हैं।
कोडिंग के क्षेत्र में आगे आएंगे
डीपीएस कल्याणपुर के राज गुप्ता कंप्यूटर साइंस से बीटेक करना चाहते हैं। उनकी दिलचस्पी कोडिंग और मैथमेटिकल मॉडलिंग में हैं। पिता डॉ. उमेश कुमार गुप्ता कानपुर देहात में जिला कृषि अधिकारी हैं, जबकि मां शीला गुप्ता हाउस वाइफ हैं। जेईई मेन के पहले चरण में 99.6 पर्सेंटाइल हासिल किए हैं।
सफलता का शार्टकट नहीं
चकेरी के अनुराग पटेल सफलता के लिए शार्टकट को बिल्कुल नहीं मानते हैं। उनके जेईई मेन में 99.6 पर्सेंटाइल आए हैं। अनुराग श्याम नगर स्थित डॉ. वीरेंद्र स्वरूप एजुकेशन सेंटर के छात्र हैं। पिता उमाशंकर डिस्ट्रिक ऑडिट ऑफिसर के पद से रिटायर हुए हैं, जबकि मां गृहणी हैं। वह आईआईटी से इंजीनियरिंग करना चाहते हैं।
