अयोध्या : भीम आर्मी और किसान यूनियन के पदाधिकारियों समेत 30 के खिलाफ मुकदमा दर्ज
बालक की मौत के मामले में खंडासा थाने का किया था घेराव
अमृत विचार, अयोध्या। खंडासा थाना क्षेत्र के बकचुना गांव में 12 वर्षीय रंजीत की मौत के मामले में थाने में पहुंचकर केस दर्ज करने की मांग व धरना प्रदर्शन करना भीम आर्मी, किसान यूनियन व अन्य संगठनों को महंगा पड़ गया। पुलिस ने 11 पदाधिकारियों को नामजद करते हुए 30 अज्ञात लोगों पर सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न करने व अन्य मामलों में रिपोर्ट दर्ज किया है।
बकचुना गांव में 4 फरवरी को छप्पर की बड़ेर 12 वर्षीय बालक का शव मिलने के बाद मां ने गांव की ही महिला पर हत्या का आरोप लगाते हुए केस दर्ज करने की मांग की थी, जिसे लेकर भीम आर्मी व किसान संगठन के साथ अन्य संगठनों के लोग मंगलवार को खंडासा थाने पर पहुंच गए और केस दर्ज करने की मांग को लेकर पुलिस पर दबाव बनाने लगे।
थाने के उपनिरीक्षक विनय कुमार यादव की तहरीर पर भीम आर्मी के जिला महासचिव अनूप रावत, विशेन मौर्य, मुकेश कुमार राजवंशी, अनूप श्रीवास्तव, भाकियू के वीरेंद्र नाथ श्रीवास्तव, संगीता शुक्ला, शिव शंकर, अरुण कुमार शास्त्री समेत 11 पदाधिकारी व 30 अज्ञात लोगों पर एकजुट होकर शोर शराबा हुड़दंग तथा सरकारी कार्य में बाधा करने का केस दर्ज किया गया है।
यह भी पढ़ें : अयोध्या : दो माह में नहीं खोजा जा सका मंदबुद्धि किशोरी का परिवार
