Cow Hugging : वैलेंटाइन डे नहीं 14 फरवरी को मनाएं Cow Hug Day, जानिए किसने की ये अपील

Amrit Vichar Network
Published By Himanshu Bhakuni
On

नई दिल्ली। भारतीय पशु कल्याण बोर्ड ने वेलेंटाइन डे (14 फरवरी, 2023) को एक अनोखी अपील की है। बोर्ड ने इस दिन Cow Hug Day (गाय को गले से लगाएं) मनाने के लिए कहा है। भारतीय पशु कल्याण बोर्ड का मानना है कि ऐसा करने से भावनात्मक समृद्धि आएगी और व्यक्तिगत सामूहिक खुशी मिलेगी।

बोर्ड के अधिकारियों ने बताया कि अपील केंद्रीय मत्स्य और पशुपालन मंत्रालय के निर्देश पर जारी की गई। बोर्ड के सचिव डॉ सुजीत कुमार दत्ता द्वारा जारी अपील में लिखा है, हम सभी जानते हैं कि गाय भारतीय संस्कृति और ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ है, हमारे जीवन को बनाए रखती है, पशु धन और जैव विविधता का प्रतिनिधित्व करती है। इसे कामधेनु और गौमाता के रूप में जाना जाता है, क्योंकि यह एक मां की तरह है, जो मानवता को प्रतिलक्षित करती है। दत्ता ने कहा कि पश्चिम संस्कृति की प्रगति के कारण वैदिक परंपराएं लगभग विलुप्त होने के कगार पर हैं। पश्चिमी सभ्यता की चकाचौंध ने हमारी भौतिक संस्कृति और विरासत को लगभग भुला दिया है।

अपील में आगे कहा गया है कि गाय के अनगिनत लाभों को देखते हुए गाय को गले लगाना चाहिए। गाय को गले लगाने से भावनात्मक समृद्धि आएगी, जिससे हमारे व्यक्तिगत और सामूहिक सुख में वृद्धि होगी। अतः सभी गौ प्रेमी भी गौ माता के महत्व को ध्यान में रखें। साथ ही 14 फरवरी को काउ हग डे (गाय को गले से लगाएं) के रूप में मनाएं।

बोर्ड सहायक सचिव प्राची जैन ने कहा, ‘हमें इस अपील को जारी करने के लिए केंद्रीय मंत्रालय से निर्देश प्राप्त हुए। इसके लिए हमें कुछ इंस्ट्रक्शन भी प्राप्त हुए। समय बहुत सीमित है, जिसके कारण हम इस संबंध में कोई आयोजन नहीं कर पा रहे हैं। लेकिन हमने लोगों से एक अपील जारी की है। कपल्स इसको फॉलो कर सकते हैं। यह पूछे जाने पर कि क्या यह सभी राज्यों के लिए अपील है, जैन ने कहा, ‘यह सभी राज्यों के लिए होगा। पशु कल्याण सभी राज्यों के लिए है। गुजरात और कई अन्य राज्य भी 14 फरवरी को काउ हग डे के रूप में मनाएंगे।

बता दें, हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने पिछले साल सड़क दुर्घटनाओं में घायल आवारा गायों के समय पर इलाज और देखभाल के लिए राज्य के प्रत्येक जिले में कम से कम एक अस्पताल बनाने का निर्देश जारी किया था।

ये भी पढ़ें : गुलमर्ग: ‘कांच के इग्लू’ सैलानियों के बने आकर्षण का केंद्र  

संबंधित समाचार