संभल : योगी के राज्य मंत्री का अजीबोगरीब बयान, कहा- गाय के गोबर में लक्ष्मी का वास, गोमूत्र में बसती है गंगा

Amrit Vichar Network
Published By Bhawna
On

संभल। उत्तर प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री धर्मपाल सिंह ने अजीबोगरीब बयान दिया है। राज्य मंत्री ने कहा कि गाय के गोबर में मां लक्ष्मी का वास है और गाय के मूत्र में गंगा बसती है। गाय राष्ट्र की माता और भाग्य विधाता है।

बता दें कि राज्य मंत्री धर्मपाल सिंह गुरुवार को संभल दौरे पर पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने एनिमल वेलफेयर एसोसिएशन द्वारा वैलेंटाइन डे को काऊ हग डे (Cow Hug Day) के तौर पर मनाया जाने की घोषणा की तारीफ की। उन्होंने कहा कि गाय राष्ट्र की माता और भाग्य विधाता है। जहां गाय पलती हैं उस स्थान पर सुख-सम्पदा हमेशा रहती है। इसके बाद उन्होंने एक अजीबोगरीब बयान दिया। उन्होंने कहा कि गाय के मूत्र में गंगा बसती है। गाय के गोबर में लक्ष्मी का वास होता है। उन्होंने काऊ हग डे मनाए जाने को लेकर समर्थन दिया।  

संभल के पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस में पत्रकार वार्ता के दौरान पशुधन एवं दुग्ध विकास मंत्री धर्मपाल सिंह ने कहा कि किसान की बात भाजपा  सरकार ही करती है, क्योंकि किसान दुखी तो सब दुखी हैं । इस समय प्रधानमंत्री ने मोटे अनाज पर चर्चा की है। यदि किसान एक हेक्टेयर बाजरा बोएगा तो उसे 10,000 रुपये का अनुदान मिलेगा। देश की आजादी की लड़ाई हिन्दू, मुस्लिम, सिख, ईसाई सबने लड़ी तब हमारा देश आजाद हुआ। कांग्रेस पार्टी अंग्रेजों की बी पार्टी है। इसीलिए प्रधानमंत्री ने कहा कि कांग्रेस मुक्त भारत हो। हम भारत को अंग्रेजों से मुक्त करना चाहते हैं। जब कांग्रेस  मुक्त भारत हो जाएगा तो देश अंग्रेजों से मुक्त हो जाएगा। राहुल गांधी के बयान पर मंत्री धर्मपाल सिंह ने कहा कि राहुल गांधी क्या कहने लगें उन्हें खुद ही पता नहीं।

जरुरत पड़ी तो बुलडोजर चलाकर हटायेंगे वक्फ संपत्तियों से कब्जे 
 पशुधन एवं दुग्ध विकास  मंत्री धर्मपाल सिंह ने कहा कि समान नागरिक संहिता से इस देश के लिए सर्व समान कानून हो, इसमें किसी को आपत्ति नहीं होनी चाहिए। लखनऊ के मुस्लिम धर्मगुरु की शिष्टाचार बैठक में मदरसे को आधुनिक शिक्षा से जोड़ने की बात कही गई। वेतन नहीं मिलने और वक्फ की संपत्तियों पर लोगों ने कब्जे कर रखे हैं। इसलिए उन्हें कम्प्यूटराइज्ड करके कब्जामुक्त कराएंगे, नोटिस देंगे। अगर नहीं मानेंगे तो बुलडोजर चलाने में परहेज नहीं करेंगे

ये भी पढ़ें :  संभल : गर्म रोटी को लेकर बरात में मारपीट, दूल्हे समेत तीन गिरफ्तार

संबंधित समाचार