हिंडनबर्ग रिपोर्ट पर युवा कांग्रेस का एलान- JPC गठन नहीं होने तक होगा लगातार प्रदर्शन
नई दिल्ली। युवा कांग्रेस ने हिंडनबर्ग रिपोर्ट मामले को लेकर गुरुवार को यहां प्रदर्शन किया और कहा कि जब तक इस घोटाले को लेकर संयुक्त संसदीय समिति(जेपीसी) का गठन नहीं होता है ,संगठन के कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन निरंतर चलता रहेगा।
युवा कांग्रेस के अध्यक्ष श्रीनिवास बी वी ने प्रदर्शन कर रहे युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा, "अडानी महाघोटाले में जब तक जेपीसी जांच नहीं होती है तब तक संसद से सड़क तक संग्राम जारी रहेगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अडानी मामले में कुछ नही बोल रहे हैं। एलआईसी-एसबीआई में लगा जनता का पैसा 'अडानी' को क्यों दिया गया, इसका जवाब उन्हें देना होगा।"
श्रीनिवास ने प्रदर्शन कर रही है कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने संसद में अडानी समूह पर लगे आरोपों पर सरकार से कुछ सवालों के जवाब मांगे है लेकिन प्रधानमंत्री अडानी मामले में 'मौनी बाबा' बने हुए हैं। उन्होंने कहा कि अगर अडानी उनके मित्र नहीं हैं तो मोदी को संसद में कहना चाहिए था कि वह अडानी समूह की जांच कराएंगे, पर वह मौन है, इससे साफ है कि प्रधानमंत्री अडानी को बचा रहे हैं।
उनका कहना था कि मोदी की अडानी पर मेहरबानी का नतीजा पूरी दुनिया देख रही है। आम जनता की मेहनत की कमाई डूब रही है। कांग्रेस इस मुश्किल हालात में जनता के साथ खड़ी है लेकिन मोदी इस मामले से भागते नजर आ रहे है। युवा कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि जब तक इस महाघोटाले की जेपीसी द्वारा जांच नही कराई जाती तब तक संसद से लेकर सड़क तक संग्राम जारी रहेगा।
