Kanpur : उड़ने लगी धूल, परेशान हो रहे लोग, Nagar Nigam को पानी का कराना पड़ेगा छिड़काव
कानपुर में धूल से परेशान हो रहे लोग।
कानपुर में धूल उड़ने के कारण लोग परेशान हो रहे। नगर निगम को पानी का छिड़काव करना पड़ेगा। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने नोटिस जारी किया।
कानपुर, अमृत विचार। सड़कों की धूल ने लोगों को तंग करना शुरू कर दिया है। राह चलते लोगों को इसका खूब सामना करना पड़ रहा है। इसको देखते हुए प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने नगर निगम को नोटिस जारी किया है। जिसमें उन्होंने शहरों की सभी सड़कों पर छिड़काव करने को कहा है।
शहर के जाजमऊ, झकरकटी रोड, किदवई नगर, मूलगंज सहित कई सड़कों पर लोगों को धूल का सामना करना पड़ रहा है। चार पहिया वाहन से जाने वाले तो शीशा बंद कर खुद को सुरक्षित कर ले रहे हैं, लेकिन दो पहिया वाहन पैदल राहगीरों को काफी असुविधा हो रही है। उनके कपड़े गंदे हो रहे हैं। आंखों को नुकसान पहुंच रहा है और सांस लेने में भी परेशानी हो रही है।
दिन में धूप चटख होने की वजह से धूल की नमी खत्म हो जाती है और फिर धूल हवा में खूब उड़ती है। वाहन चलाने पर धूल और ज्यादा उड़ती है और लोगों को काफी दिक्कत होती है। यूपी पीसीबी के क्षेत्रीय अधिकारी अमित मिश्रा ने बताया कि धूल उड़ने से रोकने का काम नगर निगम करेगी। प्रदूषण रोकने के लिए निगम द्वारा शहरी सड़कों पर छिड़काव करना होगा।
बीमारी का बढ़ता है डर
चिकित्सकों का कहना है कि सड़कों पर उड़ती धूल से लोगों को धूल से खांसी, दमा, सांस, एलर्जी, खुजली और फेफड़ों में इंफेक्शन की समस्या होती है। मुंह पर कपड़ा बांधकर चलने के बाद भी धूल के बारीक कण नाक और आंखों में जाने के कारण आंखों में जलन की समस्या होती है। इससे बचने के लिए मास्क व चश्मा लगाएं। नगर की सड़कों की सफाई कराई जाएगी।
प्रतिदिन देनी होगी रिपोर्ट
नगर निगम के छिड़काव को लेकर निगरानी भी होगी। टीम द्वारा प्रतिदिन छिड़काव वाले मार्ग की फोटो खींचकर पीसीबी को भेजनी होगी। यह व्हाट्सएप के जरिये होगा। इससे समय और लोकेशन का पता किया जा सकेगा।
